स्कूल चलो अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ
1 min read
स्कूल चलो अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ: माननीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास एवं उधमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार श्री कपिल देव अग्रवाल, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने दिखाई हरी झंडी।
__________________________
मुज़फ्फरनगर 1 अप्रैल।2026 उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं मंशा के अनुरूप जनपद मुज़फ्फरनगर में ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ का आज वहलना नगर क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय में अत्यंत उत्साह, जनसहभागिता एवं व्यापक जागरूकता के साथ भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके उपरांत प्रदेश सरकार के माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इससे पूर्व मंत्री कपिल देव ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर, छात्र-छात्राओं को पुस्तकें, पेंसिल एवं अन्य शैक्षिक सामग्री से युक्त किट वितरित कर उनके उत्साहवर्धन का कार्य किया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में प्रेरणादायी स्लोगन युक्त तख्तियां लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा और आमजन में अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के प्रति सकारात्मक ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार हुआ।
अपने संबोधन में मा0 मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि “स्कूल चलो अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से चलने वाला एक जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।” उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई भी बच्चा मजदूरी या अन्य कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों का नामांकन अवश्य कराएं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें।
जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज को सशक्त एवं राष्ट्र को समृद्ध बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उन्हें विद्यालय से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनपद में घर-घर सर्वे अभियान चलाकर ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी, जो विद्यालय नहीं जा रहे हैं अथवा बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। ऐसे बच्चों का पुनः नामांकन सुनिश्चित करने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि ईंट-भट्टों, मलिन बस्तियों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह सके।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग, जूते-मोजे एवं मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और प्रत्येक पात्र बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर वहलना सभासद विपिन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, डायट प्राचार्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी, शिक्षक संघ से वंदना बलियान, सीमा गुप्ता, कपिल चौधरी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से संचालित यह अभियान निश्चित रूप से जनपद मुज़फ्फरनगर को शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगा और शत-प्रतिशत नामांकन एवं साक्षरता के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


