उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूट आरक्षियों का भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न
1 min read
उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूट आरक्षियों का भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न
विगत दिवस प्रदेश के कुल 112 प्रशिक्षण केंद्रों पर रिक्रूट आरक्षियों का भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ ।
लखनऊ में 983 रिक्रूट महिला आरक्षियों की परेड आयोजित हुई।
जिनता पसीना बहेगा, बाद के जीवन में उतना ही कम खून बहाने की नौबत आएगीः मा0 मुख्यमंत्री जी।
60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्तीः वर्ष 2025 बैच के पुलिस आरक्षियों के दीक्षांत परेड समारोह में सम्मिलित हुएः मा0 मुख्यमंत्री जी।
मा0मुख्यमंत्री जी ने किया परेड का निरीक्षण, प्रशिक्षुओं का बढ़ाया हौसला ।
कानून अपराधी के लिए जितना कठोर हो, नागरिकों के लिये उतना ही संवेदनशील होना चाहिएः मा0 मुख्यमंत्री जी।
प्रशिक्षण 21 जुलाई 2025 से शुरू होकर आधुनिक पाठ्यक्रम, तकनीकी दक्षता, मानवाधिकार, महिला एवं बाल संवेदनशीलता और सॉफ्ट स्किल्स पर आधारित रहा।
डिजिटल पहल जैसे ‘यूपी पुलिस ट्रेनिंग पोर्टल’, ‘स्मार्ट पीटी प्रोग्राम’ और ‘मिशन कर्मयोगी’ के माध्यम से प्रशिक्षण को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ किया गया।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए भर्ती में 20 प्रतिशत महिला भागीदारी सुनिश्चित की गई।
लखनऊ में आयोजित दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु नेहा यादव, रिया सिंह कुशवाहा और सोनम को सम्मानित किया गया, जिसमें नेहा यादव को सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु घोषित किया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस के 60,244 रिक्रूट आरक्षियों का भव्य दीक्षांत समारोह प्रदेश के 10 पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों, 73 जनपदों की पुलिस लाइंस एवं 29 पीएसी बटालियनों सहित कुल 112 प्रशिक्षण केंद्रों पर एक साथ गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन, लखनऊ में 983 महिला रिक्रूट आरक्षियों के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की गयी।
मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा सलामी ली गई। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर प्रशिक्षु महिला आरक्षी नेहा यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन का परिचय दिया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती में चयनित उन सभी रिक्रूट आरक्षियों को, जिन्होंने नौ माह का व्यावसायिक प्रशिक्षण पूर्ण कर दीक्षांत परेड में भाग लिया, हार्दिक बधाई दी। उन्होंने समस्त प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षकों के समर्पण एवं योगदान की सराहना भी की।
उन्होंने प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जितना अधिक प्रशिक्षण में परिश्रम किया जाता है, उतना ही भविष्य में जोखिम कम होता है। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रशिक्षुओं, विशेषकर महिला आरक्षियों ने अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पूर्व जहाँ पुलिस प्रशिक्षण क्षमता केवल 3,000 थी, वहीं अब 60,244 आरक्षियों का एक साथ प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया है। इस अवधि में 2.18 लाख से अधिक भर्तियाँ तथा 1 लाख से अधिक पदोन्नतियाँ भी की गईं, जिससे उत्तर प्रदेश पुलिस को देश के अग्रणी पुलिस बलों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए ‘यूपी पुलिस ट्रेनिंग पोर्टल’ के माध्यम से डिजिटल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। शारीरिक प्रशिक्षण को वैज्ञानिक बनाने हेतु ‘स्मार्ट पीटी प्रोग्राम’ लागू किया गया है तथा आधुनिक हथियारों से भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था में सुधार के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश पुलिस आज ‘मॉडल’ एवं ‘स्मार्ट पुलिस’ के रूप में स्थापित हो रही है। दंगों, माफिया गतिविधियों तथा अवैध वसूली पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के कारण अपराधियों में भय तथा पुलिस का मनोबल सुदृढ़ हुआ है।
नारी सशक्तिकरण के संदर्भ में उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में 20 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। पीएसी की तीन महिला बटालियनों (लखनऊ, गोरखपुर एवं बदायूं) का गठन किया गया है। साथ ही एटीएस एवं यूपी एसएसएफ का आधुनिकीकरण, 75 जनपदों में साइबर थानों की स्थापना तथा उ.प्र. स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की स्थापना से पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है।
अंत में, उन्होंने नए पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून अपराधियों के प्रति जितना कठोर हो, नागरिकों के प्रति उतना ही संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कर्मी पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 श्री राजीव कृष्ण द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने ’विगत 9 वर्षों में’ कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, पारदर्शी भर्ती और प्रशिक्षण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व में ’वर्ष 2017 के पश्चात’ पुलिस बल के आधुनिकीकरण, क्षमता वृद्धि और कानून व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया है। इसी क्रम में पुलिस बल के विभिन्न स्तरों पर बड़े पैमाने पर भर्ती और प्रोन्नति की गई है।
पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा वर्तमान परिवेश और भावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक पाठ्यक्रम निर्धारित किया गया। इसी के अनुरूप भर्ती आरक्षियों का आधारभूत प्रशिक्षण ’दिनांक 21 जुलाई 2025 से प्रारंभ किया गया’। चयनित अभ्यर्थियों के लिए राज्य के कुल 112 प्रशिक्षण केंद्रों पर व्यवस्था की गई।
माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रेरक मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस ने ऐसा बहुआयामी, आधुनिक और उद्देश्यपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया है, जो प्रशिक्षुओं को पुलिसिंग के शाश्वत मूल्यों, शारीरिक क्षमता, अनुशासन, विधिक ज्ञान और संवेदनशीलता को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप नवीनतम तकनीकी दक्षताओं से भी संपन्न करता है।
इसके साथ ही सॉफ्ट स्किल्स, मानवाधिकार और महिलाओं और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता से जुड़े विशेष पाठ्यक्रमों को अनिवार्य बनाकर यह सुनिश्चित किया गया है कि यह रिक्रूट आरक्षी केवल कानून लागू करने वाले कार्मिक न बनें, बल्कि मानवीय मूल्यों के सशक्त प्रहरी के रूप में भी विकसित हों।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 ने प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षक स्टाफ के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुये सभी प्रशिक्षकों और पर्यवेक्षक अधिकारियों को बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवा जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गयी।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा रिक्रूट महिला आरक्षियों को शपथ दिलायी गयी।
परेड के सफल संचालन एवं प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर निम्नांकित रिक्रूट महिला आरक्षियों को मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
1-परेड कमाण्डर प्रथम रिक्रूट महिला आरक्षी कुमारी नेहा यादव
2-परेड कमाण्डर द्वितीय रिक्रूट महिला आरक्षी रिया सिंह कुशवाहा
3-परेड कमाण्डर तृतीस रिक्रूट महिला आरक्षी कुमारी सोनम
ऽ अंन्तः विषय टापर कुमारी नेहा यादव
ऽ वाह्य विषय टापर कुमारी सोनम
ऽ सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु पुरस्कार कुमारी नेहा यादव
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक आशुतोष पांडे और पुलिस कमिश्नर लखनऊ अमरेंद्र कुमार सेंगर सहित पुलिस विभाग एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य अतिथिगण की गरिमामयी उपस्थिति रही|


