मीनाक्षी चौक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा! एक्स-रे का पंजीकरण नहीं मिला, यूनिट सील
1 min read
मीनाक्षी चौक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा! एक्स-रे का पंजीकरण नहीं मिला, यूनिट सील
मुजफ्फरनगर, 22 सितंबर 2026। मीनाक्षी चौक स्थित पल्स पैथोलॉजी एंड एक्स-रे सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया तो एक्स-रे संचालन से जुड़े जरूरी रेडिएशन पंजीकरण के अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए एक्स-रे यूनिट को सील कर दिया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवातिया के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह एवं डॉ. अजय कुमार ने संस्थान के दस्तावेजों की जांच की।
जांच में पैथोलॉजी विभाग का पंजीकरण वैध पाया गया, जबकि एक्स-रे के लिए आवश्यक रेडिएशन पंजीकरण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल एक्स-रे यूनिट पर की गई है और वैध पंजीकरण होने के कारण पैथोलॉजी सेवाओं को बंद नहीं किया गया।
विभाग ने संस्थान के संचालक से दो दिन के भीतर रेडिएशन पंजीकरण समेत सभी आवश्यक अभिलेख और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब और दस्तावेज नहीं मिलने vपर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवातिया ने कहा कि जिले में पैथोलॉजी और एक्स-रे केंद्रों के पंजीकरण व मानकों की जांच लगातार जारी रहेगी।


