नगर की विधुत आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
1 min read
*नगर की विधुत आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं*
*मंत्री कपिल देव ने निदेशक पश्चिमांचल एन के मिश्रा को दिए कड़े निर्देश*
*मुज़फ्फरनगर 24 मई प्राप्त समाचार के अनुसार मेरठ रोड स्थित फेडरेशन ऑफ मुज़फ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सभागार में आयोजित बैठक में प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नगर की विद्युत व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक एन. के. मिश्रा, मुख्य अभियंता पवन कुमार गुप्ता, मनोज कुमार यादव सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुजफ्फरनगर में विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु तत्काल प्रभाव से ठोस एवं परिणामकारी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।*
*उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि तीनों सबडिवीजनों को डबल करने की प्रक्रिया, ट्रांसफार्मरों की फेजिंग, जर्जर एवं पुराने तारों का प्रतिस्थापन, ओवरलोडिंग की समस्या का समाधान तथा आवश्यकतानुसार नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना जैसे कार्य तय समय के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन एवं उद्यमियों को तत्काल राहत मिल सके।*
*इसके साथ ही मंत्री कपिल देव ने अधिकारियों को आगामी 6 माह के लिए एक विस्तृत, व्यावहारिक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिसमें दीर्घकालिक सुधार, तकनीकी उन्नयन एवं विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के सभी आवश्यक उपाय शामिल हों।*
*बैठक के दौरान स्थानीय उद्यमियों एवं नगरवासियों द्वारा विद्युत व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं, जिनमें अनियमित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, अत्यधिक लोड, जर्जर लाइनें तथा ट्रांसफार्मरों की कमी जैसी समस्याएं शामिल रहीं। उन्होंने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि इनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत पर जवाबदेही तय की जाए।*
*मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ नागरिकों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत व्यवस्था में सुधार हेतु किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।*
*मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने यह भी निर्देश दिए यदि जेई ने फोन ना उठाया तो उसके विरुद्ध वे स्वयं शासन को पत्र लिखेंगे*
*उन्होंने यह भी कहा कि यह बैठक केवल समीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि एक परिणामोन्मुख पहल है, जिसका उद्देश्य नगर की विद्युत व्यवस्था में स्थायी सुधार लाना और जनसामान्य को राहत प्रदान करना है। अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें और नियमित रूप से इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।*
*इस अवसर पर नील कमलपुरी अध्यक्ष, अंकित संगल, राहुल मित्तल, अभिषेक अग्रवाल, अंकुर गर्ग, विपुल भटनागर, रविन्द्र सिंघल, राजेश जैन, अरविन्द गुप्ता, अश्वनी मित्तल, राकेश जैन, विपल्व जैन, रजनीश त्यागी, राकेश ढींगरा, सुरेंद्र अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, दिव्यांशु त्यागी आदि गण मै मौजूद रहे।*
