ससुराल पक्ष पर फायरिंग करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार! एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में बड़ी कार्यवाही
ससुराल पक्ष पर फायरिंग करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार! एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में बड़ी कार्यवाही!
मुजफ्फरनगर। (मो० सुहैल/संवाददाता) 26 मई प्राप्त समाचार के अनुसार थाना सिविल लाइन पुलिस ने ससुराल पक्ष पर फायरिंग कर तीन महिलाओं को घायल करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस एवं एक स्विफ्ट कार बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनंत विजय मित्तल निवासी देहरादून को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार अनंत मित्तल का अपनी पत्नी राधिका मित्तल से पारिवारिक विवाद चल रहा था तथा बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बताया गया कि आरोपी अपने पुत्र का जन्मदिन मनाने के लिए मुजफ्फरनगर स्थित ससुराल पहुंचा था, जहां विवाद बढ़ने पर उसने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर अपनी सास, चचिया सास तथा पत्नी की भाभी को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दैनिक सूरज केसरी समाचार पत्र के लिए संवाददाता मो सुहैल की खास रिपोर्ट।


