अदिति यादव के विरुद्ध झूठी एवं भ्रामक अफवाहें फैलाने वालों पर तत्काल हो कड़ी कार्रवाई – गौरव जैन
अदिति यादव के विरुद्ध झूठी एवं भ्रामक अफवाहें फैलाने वालों पर तत्काल हो कड़ी कार्रवाई – गौरव जैन
मुज़फ्फरनगर।
समाजवादी पार्टी से पूर्व प्रत्याशी विधानपरिषद गौरव जैन ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के विरुद्ध सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से झूठी, भ्रामक एवं चरित्रहनन करने वाली अफवाहें फैलाना अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और घोर महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक है।
गौरव जैन ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी महिला की गरिमा और सम्मान पर हमला करना लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं भाजपा समर्थित ट्रोल तंत्र की महिलाओं के प्रति सोच और चरित्र को उजागर करती हैं। राजनीतिक लाभ के लिए महिलाओं को निशाना बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सभ्य समाज इसका कभी समर्थन नहीं कर सकता।
गौरव जैन ने प्रशासन एवं पुलिस से मांग की कि झूठी और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का आक्रोश स्वाभाविक रूप से बढ़ेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और भाजपा सरकार की निष्क्रियता पर होगी।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि बिना सत्यापन किसी भी अफवाह को आगे न बढ़ाएं तथा महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करें।


