कमिश्नर डॉक्टर रुपेश कुमार ने बुढाना में पुस्तकालय का किया लोकार्पण,
1 min read
कमिश्नर डॉक्टर रुपेश कुमार ने बुढाना में पुस्तकालय का किया लोकार्पण, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
*बुढ़ाना मुजफ्फरनगर 20 जून प्राप्त समाचार के अनुसार नगर पंचायत बुढ़ाना के नवनिर्मित पुस्तकालय का मण्डलायुक्त सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर ने किया लोकार्पण, मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित।*
ज्ञान, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर पंचायत बुढ़ाना द्वारा निर्मित नवनिर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन आज दिनांक 20.06.2026 को मण्डलायुक्त सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर डॉ. रूपेश कुमार (आईएएस) द्वारा जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। उद्घाटन के उपरांत मण्डलायुक्त महोदय ने पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए कहा कि पुस्तकालय किसी भी समाज की बौद्धिक उन्नति एवं युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का आधार होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय का अधिकाधिक उपयोग कर ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विद्यालय की छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथिगणों ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन श्रीमती उमा त्यागी द्वारा मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने नगर पंचायत द्वारा शिक्षा एवं ज्ञानवर्धन के क्षेत्र में किए गए इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


