शारदीय नवरात्रों के उपलक्ष्य में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में डांडिया फिएस्टा का भव्य आयोजन
1 min read
शारदीय नवरात्रों के उपलक्ष्य में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में डांडिया फिएस्टा का भव्य आयोजन
बालिकाओं ने पारंपरिक डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से मोहा मन
मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा, मुजफ्फरनगर में आज शारदीय नवरात्रों के पावन अवसर पर ‘डांडिया फिएस्टा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने पारंपरिक डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं उत्सव की उमंग को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती सुचित्रा सैनी, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज, जड़ौदा, विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती रीटा दहिया, प्रधानाचार्य श्री प्रवेन्द्र दहिया एवं श्रीमती जोली शर्मा द्वारा माँ दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नवरात्रों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए भारतीय परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने ‘चोगाड़ा तारा’, ‘छमा छमा नाचे आज ढोल बाजे’ और ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर शानदार डांडिया नृत्य प्रस्तुत किए। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक नृत्य मुद्राओं, तालमेल और उत्साह से भरपूर प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं की ऊर्जा, आत्मविश्वास और सामूहिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के कोरियोग्राफर श्री विशाल गौतम एवं श्री अनिकेत का विशेष योगदान रहा। उन्होंने छात्राओं को डांडिया नृत्य की बारीकियाँ सिखाईं तथा निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन के माध्यम से उन्हें उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए तैयार किया। उनके कुशल निर्देशन में छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती सुचित्रा सैनी ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती रीटा दहिया एवं प्रधानाचार्य श्री प्रवेन्द्र दहिया ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम हर्षाेल्लास, उत्साह एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। डांडिया फिएस्टा ने शारदीय नवरात्रों की पावन भावना को साकार करते हुए विद्यालय परिसर में उत्सव और आनंद का वातावरण निर्मित किया।


