मंडलायुक्त सहारनपुर डॉक्टर रुपेश कुमार ने मंडल के प्रशासनिक, पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों के साथ की टैबलेट वितरण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक
1 min read
मंडलायुक्त सहारनपुर डॉक्टर रुपेश कुमार ने मंडल के प्रशासनिक, पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों के साथ की टैबलेट वितरण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक
*एक दिसंबर को सहारनपुर के रिमाउंट डिपो ग्राउंड में आयोजित होगा भव्य टैबलेट वितरण कार्यक्रम*
*सहारनपुर, शामली एवं मुजफ्फरनगर के लगभग 50 हजार छात्र-छात्राओं को वितरित किए जाएंगे टैबलेट*
*मंडलायुक्त ने तीनों जिलाधिकारियों को छात्र-छात्राओं के आवागमन, सुरक्षा, बैठने, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश*
*तीनों जनपदों के जिलाधिकारी नोडल एवं सह नोडल अधिकारी नामित कर निर्धारित करें जिम्मेदारियां: मंडलायुक्त*
सहारनपुर 25 नवम्बर
मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में मंडलायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजनान्तर्गत आगामी एक दिसंबर, 2026 को रिमाउंट डिपो ग्राउंड, निकट जिला कारागार देहरादून रोड में प्रस्तावित टैबलेट वितरण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में मंडल के तीनों जनपदों के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी सहारनपुर श्री अरविन्द कुमार चौहान, जिलाधिकारी शामली श्री प्रवीण वर्मा एवं जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर श्री सुनील कुमार सिंह तथा अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों ने जूम मीटिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।
बैठक में मंडलायुक्त ने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, भव्य एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में मंडल के तीनों जनपदों सहारनपुर, शामली एवं मुजफ्फरनगर से लगभग 50 हजार छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे, जिनमें जनपद सहारनपुर से 40 हजार तथा शामली एवं मुजफ्फरनगर से 5-5 हजार छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि तीनों जनपदों के जिलाधिकारी कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी एवं सह नोडल अधिकारी नामित करते हुए संबंधित अधिकारियों के मध्य स्पष्ट जिम्मेदारियां निर्धारित करें। दूसरे जनपदों से आने वाले छात्र-छात्राओं एवं अधिकारियों के खानपान, पेयजल, बैठने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास के लिए पर्याप्त व्यवस्था, एंट्री पास, संस्थानवार सीटिंग प्लान, मंच, साउंड सिस्टम, कुर्सियों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए की टैबलेट वितरण हेतु लाभार्थियों की सूची भी पूर्व में तैयार कर ली जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल एवं वहां तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर आवश्यक साइन बोर्ड, दिशासूचक एवं अन्य सूचनात्मक संकेतक लगाए जाएं, जिससे बाहर से आने वाले छात्र-छात्राओं एवं अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, जलपान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ-साथ अतिथियों एवं लाभार्थियों के लिए समुचित प्रबंध किए जाएं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं का समय से सत्यापन भी किया जाए।
मंडलायुक्त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं के आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रिमाउंट डिपो ग्राउंड की पूर्ण क्षमता का उपयोग किए जाने के दृष्टिगत वाहनों के आवागमन, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। कार्यक्रम स्थल तक आने वाले मार्गों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद शामली एवं मुजफ्फरनगर से नामित सक्षम प्रतिनिधि/अधिकारी कार्यक्रम से संबंधित तैयारियों का जायजा लेने के लिए 30 नवंबर एवं 01 दिसंबर को सहारनपुर में उपस्थित रहेंगे। संबंधित अधिकारी कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर अपने जनपद के छात्र-छात्राओं के बैठने, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करेंगे। तीनों जनपदों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं में कमी नहीं रहने दी जाए।
डॉक्टर रूपेश कुमार ने छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के माध्यम से आवश्यकतानुसार बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक बस में एक सरकारी अधिकारी अथवा नामित कार्मिक की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक जनपद से लगभग 3 से 4 सरकारी कार्मिकों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में सहयोग के लिए साथ भेजा जाए। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को 01 दिसंबर को प्रातः 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाना तथा कार्यक्रम समाप्ति के उपरांत उन्हें सुरक्षित वापस पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन डिजिटल शक्ति पोर्टल पर स्टूडेंट लॉकिंग की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए किया जाए। संबंधित संस्थानों के नोडल अधिकारियों को टैबलेट की मैपिंग सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सभी लाभार्थियों को कार्यक्रम में टैबलेट प्राप्त करने के लिए सुनिश्चित किया जाए तथा टैबलेट वितरण के दौरान उनकी उपस्थिति एवं आवश्यक अभिलेखीय कार्यवाही भी पूरी रखी जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सभी अधिकारी पूर्ण गंभीरता, जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती लवी त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री सलिल कुमार पटेल, जिला पूर्ति अधिकारी श्री नीरज कुमार उपस्थित रहे।
—————


