बढ़ती उम्र में टेस्टोस्टेरोन बढ़ाने की होड़: कहीं सेहत से खिलवाड़ तो नहीं?
1 min read
बढ़ती उम्र में टेस्टोस्टेरोन बढ़ाने की होड़: कहीं सेहत से खिलवाड़ तो नहीं?
मुज़फ्फरनगर : बढ़ती उम्र के साथ पुरुषों में शरीर की ताकत, यौन इच्छा और ऊर्जा में बदलाव आना सामान्य है। ऐसे में कई पुरुष टेस्टोस्टेरोन हार्मोन बढ़ाने वाले सप्लीमेंट और दवाइयों का इस्तेमाल करने लगते हैं। सोशल मीडिया पर भी ऐसे उत्पादों के कई विज्ञापन मिलते हैं, जो जवानी लौटाने और मांसपेशियां मजबूत करने का दावा करते हैं। लेकिन बिना जांच और डॉक्टर की सलाह के इनका इस्तेमाल नुकसान पहुंचा सकता है।
टेस्टोस्टेरोन पुरुषों का एक जरूरी हार्मोन है। यह यौन इच्छा, मांसपेशियों की मजबूती और हड्डियों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। उम्र बढ़ने के साथ इसका स्तर कम हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर बुजुर्ग पुरुष को इसकी कमी है। थकान, वजन बढ़ना और यौन क्षमता में कमी के पीछे डायबिटीज, मोटापा, तनाव और नींद की कमी जैसे कारण भी हो सकते हैं।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, नोएडा के यूरोलॉजी विभाग के ग्रुप चेयरमैन एवं प्रोस्टेट और यूरोलॉजिकल कैंसर व पुरुष स्वास्थ्य केंद्र के चेयरमैन डॉ. (प्रो.) राजेश अहलावत ने बताया कि टेस्टोस्टेरोन की कमी की पुष्टि केवल लक्षणों से नहीं होती। इसके लिए अलग-अलग दिनों में सुबह रक्त की जांच कराना जरूरी है। जांच में कमी साबित होने पर ही डॉक्टर इलाज की सलाह देते हैं।
डॉ. अहलावत के अनुसार, बिना जरूरत टेस्टोस्टेरोन लेने से शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं बढ़ सकती हैं, ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है और शुक्राणुओं का उत्पादन कम हो सकता है। प्रोस्टेट की समस्या या कैंसर की आशंका वाले पुरुषों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बाजार में मिलने वाले हर्बल और ‘टेस्टोस्टेरोन बूस्टर’ उत्पाद भी हमेशा सुरक्षित नहीं होते।
बढ़ती उम्र में स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद और सही वजन बनाए रखना जरूरी है। लगातार थकान या यौन इच्छा में कमी होने पर खुद दवा लेने के बजाय विशेषज्ञ से सलाह लें। जवानी लौटाने के दावों पर भरोसा करने के बजाय सही जांच और इलाज को प्राथमिकता दें।


