2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा जनसंपर्क अभियान, 4.5 लाख विश्वकर्मा लाभार्थियों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचेगा संगठन
1 min read
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा जनसंपर्क अभियान, 4.5 लाख विश्वकर्मा लाभार्थियों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचेगा संगठन
मंत्री नरेंद्र कश्यप के सरकारी आवास पर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न; राज्यसभा सांसद एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल की गरिमामयी उपस्थिति में बनी प्रदेशव्यापी कार्ययोजना।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी ने समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर पिछड़े वर्गों, पारंपरिक कारीगरों एवं छोटे व्यवसायियों के बीच जनसंपर्क और संवाद को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री नरेंद्र कश्यप जी के सरकारी आवास 11 एनडीएमआर, लखनऊ पर विश्वकर्मा श्रम-सम्मान एवं छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में पारंपरिक कारीगरों, श्रमिकों, छोटे उद्यमियों एवं वंचित वर्गों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने बताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन की प्राथमिकता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनसे सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। विश्वकर्मा समाज, पारंपरिक कारीगरों, पिछड़े वर्गों और छोटे व्यवसायियों का प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक ढांचे में महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए इन वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
4.5 लाख लाभार्थियों तक पहुंचेगा विश्वकर्मा श्रम-सम्मान अभियान
बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश में विश्वकर्मा श्रम-सम्मान अभियान के अंतर्गत लगभग 4.5 लाख लाभार्थी सूचीबद्ध हैं। इन सभी लाभार्थियों की विधानसभा स्तर पर सूची तैयार कर उनसे संपर्क स्थापित किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लाभार्थी सम्मेलनों का आयोजन कर उन्हें सरकार की योजनाओं, प्रशिक्षण, स्वरोजगार एवं आर्थिक सहायता से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने बताया कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य केवल लाभार्थियों को एक स्थान पर एकत्रित करना नहीं, बल्कि उनसे सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को जानना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। इसके माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक कारीगरों को सम्मान देने के साथ-साथ उनके हुनर और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
लाभार्थियों की सूची माननीय कैबिनेट मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह जी के माध्यम से प्राप्त कर अभियान को आगे बढ़ाने की कार्ययोजना भी निर्धारित की गई।
छोटे व्यवसायियों तक पहुंचेगा भाजपा का संपर्क अभियान
बैठक में छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान को विशेष रूप से विस्तार देने पर चर्चा हुई। इसके अंतर्गत चायवाला, पानवाला, चाटवाला, सैलून संचालक, नाई, मोची, शिल्पकार, लोहार, कुम्हार, बुनकर, कारीगर तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने बताया कि छोटे व्यवसायी देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। चाय की दुकान चलाने वाले व्यक्ति से लेकर पारंपरिक शिल्पकार, मोची, नाई, कुम्हार और रेहड़ी-पटरी पर व्यवसाय करने वाले लोगों तक पहुंचना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इन सभी व्यवसायियों की शक्ति केंद्र स्तर पर सूची तैयार कर उनके साथ बैठक एवं व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया जाएगा। उनकी समस्याओं, स्वरोजगार के अवसरों, सरकारी योजनाओं तथा वित्तीय सहायता से संबंधित विषयों पर संवाद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन का प्रयास है कि समाज के ऐसे वर्गों से भी सीधा संपर्क स्थापित हो, जो अपनी मेहनत और छोटे व्यवसायों के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में कारीगरों और छोटे उद्यमियों के सशक्तिकरण के प्रयास
बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को नई पहचान, कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट, रियायती ऋण, डिजिटल लेनदेन प्रोत्साहन तथा बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की है।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी एवं छोटे व्यवसायियों को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार भी पारंपरिक उद्योगों, हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
प्रदेश सरकार की एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) योजना ने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्प एवं कारीगरों को नई पहचान दिलाने का कार्य किया है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों के प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट, विपणन, ब्रांडिंग एवं बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
वहीं प्रदेश में संचालित विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इससे बढ़ई, दर्जी, नाई, लोहार, कुम्हार, मोची, टोकरी बुनकर और अन्य परंपरागत व्यवसायों से जुड़े लोगों को अपने हुनर को और विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं वित्तीय सहायता योजनाओं के माध्यम से भी युवाओं और छोटे उद्यमियों को अपने व्यवसाय की स्थापना एवं विस्तार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
2027 के मद्देनजर विधानसभा स्तर तक पहुंचेगा संगठनात्मक संपर्क
बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेशभर में संगठनात्मक संपर्क एवं संवाद को व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के लाभार्थियों तथा छोटे व्यवसायियों तक पहुंचने के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी।
मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने बताया कि प्रदेश में व्यापक स्तर पर चलाए जाने वाले इस अभियान में संगठन के जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके लिए निम्नलिखित कार्ययोजना तैयार की गई—
1. प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी।
2. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक विधानसभा प्रमुख नामित किया जाएगा।
3. छोटे व्यवसायियों की सूची शक्ति केंद्र स्तर पर तैयार की जाएगी
1 से 10 दिसंबर तक प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान
बैठक में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के लाभार्थियों के विधानसभा स्तरीय सम्मेलनों का आयोजन 1 दिसंबर से 10 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
वहीं छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों एवं व्यवसायियों की सूची 30 नवंबर 2026 तक तैयार की जाएगी तथा 1 दिसंबर से 10 दिसंबर 2026 तक संपर्क एवं बैठक संबंधी गतिविधियां पूर्ण की जाएंगी।
नरेंद्र कश्यप बोले—2027 के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से सीधा संवाद हमारी प्राथमिकता
इस अवसर पर माननीय मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गरीब, पिछड़े, वंचित, श्रमिक, कारीगर एवं छोटे व्यवसायियों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा संगठन समाज के विभिन्न वर्गों के बीच अपने संपर्क और संवाद को और व्यापक बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। विश्वकर्मा समाज, पिछड़े वर्गों, पारंपरिक कारीगरों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि हमारे पारंपरिक कारीगरों के पास पीढ़ियों से प्राप्त हुनर और अनुभव की अमूल्य पूंजी है। आवश्यकता इस बात की है कि उनके हुनर को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बेहतर बाजार उपलब्ध कराकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।
श्री कश्यप ने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए संगठन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा। प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में लाभार्थियों और छोटे व्यवसायियों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो और वे विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बन सकें।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 की तैयारी केवल चुनावी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच निरंतर संपर्क, संवाद और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से भी जुड़ी है।
राज्यसभा सांसद एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल जी ने भी अभियान की कार्ययोजना पर अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज के परंपरागत व्यवसायों से जुड़े लोगों को संगठनात्मक रूप से जोड़ना और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराना महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रदेश से लेकर विधानसभा एवं शक्ति केंद्र स्तर तक समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा निर्धारित समयसीमा में सभी कार्यक्रम पूर्ण करने पर सहमति बनी।
विश्वकर्मा श्रम-सम्मान एवं छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान के माध्यम से भाजपा संगठन का लक्ष्य प्रदेश के लाखों पारंपरिक कारीगरों, श्रमिकों एवं छोटे व्यवसायियों तक सीधा संवाद स्थापित करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के विकास की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में यह अभियान एक व्यापक जनसंपर्क पहल के रूप में संचालित किया जाएगा।
बैठक में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री प्रवीण भाटी, श्री शिवनाथ चौधरी,श्रीमती ज्योति सोनी जी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र भागोर, रामनरेश वर्मा, अरविंद मौर्य, रामकुमार विश्वकर्मा की आदि की उपस्थिति रही


