नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9412807565,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
June 22, 2026

Suraj Kesari

No.1 Digital News Channel of India

हर समस्या पर होगी प्रभावी कार्रवाई

1 min read

*हर समस्या पर होगी प्रभावी कार्रवाई : मुख्यमंत्री*

 

*जनता दर्शन में 200 लोगों की समस्याएं सुनीं सीएम योगी ने*

 

*जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं अधिकारी : मुख्यमंत्री*

 

गोरखपुर, 6 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं। समस्या से जुड़ी शिकायत पर तेजी से कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित कराएं। जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, घबराइए मत। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।

 

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगो तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। इत्मीनान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए। पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए। अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए।

 

अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा यदि कोई दबंग, माफिया किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं।

 

जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। इस दौरान यह निर्देश भी दिया कि अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है, उन्हें इलाज में किसी तरह की दिक्कत न होने आए। साथ ही जो पात्र लोग किन्हीं कारणों से वंचित हैं, उनके आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया।

 

*मंदिर की गोशाला में गोवंश को दुलारकर खिलाया गुड़*

गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है। शुक्रवार सुबह वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए श्यामा, गौरी, गंगा, भोला आदि नामों से गोवंश को पुकारा। उनकी आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है। प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-मचलते हुए उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी के माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया।

 

*सीएम से बोले नन्हे योद्धा, हैप्पी बर्थडे महाराज जी*

गोरखपुर। शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने मार्शल आर्ट्स सीखने वाले नन्हे योद्धाओं का समूह भी पहुंचा। इनमें बालिकाओं की संख्या अधिक रही। इन नन्हे योद्धाओं ने मुख्यमंत्री को ‘हैप्पी बर्थडे महाराज जी’ कहते हुए गुलाब का फूल भेंट किया। मुख्यमंत्री का जन्मदिन कल 5 जून को था। बच्चों से मिली शुभकामना पर सीएम मुस्कुराने लगे और उन्हें आशीर्वाद के साथ चॉकलेट गिफ्ट किए।

सन्यास का मार्ग चुनने के बाद ही योगी आदित्यनाथ खुद अपना जन्मदिन नहीं मनाते हैं। पर, प्रतिवर्ष उनके जन्मदिन को लेकर समाज के हर आयु वर्ग में उल्लास छाया रहता है। गुरुवार (5 जून) को उनके जन्मदिन को विविध कार्यक्रमों के बीच संगठनों और लोगों ने मनाया। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए मार्शल आर्ट्स सीखने वाले बच्चे भी गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। इन बच्चों ने गुलाब का फूल और एक स्मृति चिह्न देकर सीएम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को मार्शल आर्ट्स के कुछ स्टेप्स भी दिखाए। सीएम ने बच्चों की शुभकामनाओं को बड़े ही प्यार से स्वीकार किया और उन्हें दुलारते हुए खूब आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों से उनके प्रशिक्षण और पढ़ाई को लेकर बातचीत की चॉकलेट देकर उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

Right Menu Icon