सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण, 102 और 108 एंबुलेंस के ईएमटी व पायलट को किया संबोधित
1 min read
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण, 102 और 108 एंबुलेंस के ईएमटी व पायलट को किया संबोधित
**मुजफ्फरनगर, 25 नवंबर 2026।** मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्यालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) और पायलट के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 102 और 108 एंबुलेंस सेवाएं आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना ईएमटी और पायलट की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता और मरीज को अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। ईएमटी मरीज को रास्ते में आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभाएं, जबकि पायलट निर्धारित समय में सुरक्षित रूप से मरीज को अस्पताल पहुंचाना सुनिश्चित करें।
सीएमओ ने सभी कर्मचारियों को तत्परता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और बेहतर समन्वय से आपातकालीन मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।


