सहारनपुर में प्रथम मण्डलीय पोल्ट्री कान्क्लेव का हुआ भव्य आयोजन
1 min readसहारनपुर में प्रथम मण्डलीय पोल्ट्री कान्क्लेव का हुआ भव्य आयोजन
*प्रदेश में कुक्कुट विकास एवं अंडा उत्पादन में कुक्कुट विकास नीति के तहत सहारनपुर प्रथम स्थान पर – मण्डलायुक्त*
सहारनपुर, दिनांक 27 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0)।
प्रदेश में अंडो एवं कुक्कुट मांस की मांग के अनुरूप उपलब्धता को सुनिश्चित करने तथा मांग एवं उत्पादन के अंतर को खत्म करने के उद्देश्य से पोल्ट्री फार्मर्स को प्रोत्साहित एवं जागरूक करने के लिए उ०प्र०शासन पशुधन की अनुशंसा के अनुरूप सहारनपुर मंडल में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा0 एम.पी. सिंह द्वारा अपर निदेशक ग्रेड-2 के मार्गदर्शन में एतिहासिक मंडलीय प्रथम पोल्ट्री कान्क्लेव का आयोजन राज पैलेस में किया गया।
पोल्ट्री कान्क्लेव के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त डा. रुपेश कुमार के साथ जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार द्वारा बताया गया कि प्रदेश में कुक्कुट विकास एवं अंडा उत्पादन में कुक्कुट विकास नीति के तहत सहारनपुर प्रथम स्थान पर है। कुक्कुट पालन से ग्रामीण परिवारों को पोषक प्रोटीन युक्त आहार की उपलब्धता के साथ-साथ लोगों को रोजगार मिलता है तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
पोल्ट्री कान्क्लेव में लगभग सात सौ पोल्ट्री फार्मर्स, उद्यमि एवं पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया। लगभग 25 से अधिक विभिन्न कम्पनियों द्वारा अपने स्टॉल लगा कर तथा मंच से व्याख्या करके अपनी कम्पनी को रिप्रजेंट किया गया। जिसमें व्हेन कोब एवं वेंकी इंडिया का प्रमुख सहयोग रहा। जिसके जीएम डॉ0 दानवीर सिंह एवं डॉ0 नेत्रपाल उपस्थित रहे।
पशु पालन विभाग निदेशालय लखनऊ से आए अपर निदेशक ग्रेड-1 कुक्कुट एवं उपनिदेशक कुक्कुट डा० ब्रिजेश त्रिपाठी द्वारा कान्क्लेव में कुक्कुट पालन, अंडा व्यवसाय की महत्ता के बारे में जानकारी के साथ-साथ कुक्कुट विकास नीति 2022 को व्यापक रूप में बताया गया।
पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय (दुवासु, मथुरा) के प्रोफेसर डा. अमिताव भट्टाचार्य द्वारा कुक्कुट व्यवसाय में आ रही प्रमुख तकनीकों के बारे में प्रकाश डाला गया। कान्क्लेव में लीड बैंक मैनेजर पीएमबी के प्रतिनिधियों द्वारा कुक्कुट विकास नीति के अंतर्गत बैंक लोन देने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। पोल्ट्री कान्क्लेव में 100 करोड रुपये के निवेश हेतु विभिन्न उद्यमियों एवं कुक्कुट पालकों द्वारा एमओयू हस्ताक्षरित किये गये। मंडल के प्रमुख सफल पोल्ट्री फार्मर्स द्वारा अपनी सफलता की कहानी को मंच से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न पोल्ट्री फार्मर्स/ उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर निदेशक ग्रेड-2 सहारनपुर मंडल डा० समदर्शी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा० सुबोध कुमार, पोल्ट्री प्रोग्राम आफिसर डा० कृष्ण कुमार, डॉ0 गौरव तिवारी, डा० अमित कुमार यादव, श्री बिजेन्द्र कुमार, श्री जगत सिंह, श्री मनोज कुमार उपस्थित रहे।
———————–

