सीएम योगी ने राज्यव्यापी स्कूल चलो अभियान का किया शुभारंभ
1 min read
सहारनपुर: सीएम योगी ने राज्यव्यापी स्कूल चलो अभियान का किया शुभारंभ, अनेक योजनाओं की घोषणा
सहारनपुर 1 जुलाई प्राप्त समाचार के अनुसार *मुख्यमंत्री ने किया उ0प्रा0विद्यालय इस्माईलपुर (कम्पोजिट) से राज्यव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान 2026’ के दूसरे चरण का शुभारम्भ*
*नवीन शैक्षणिक सत्र की पाठ्य पुस्तकों, स्कूल बैग, स्टेशनरी का किया वितरण*
*जनपद के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को किसा सम्मानित*
*स्वस्थ समाज के लिए कोई भी बच्चा स्कूल में जाने से वंचित न रहे*
*मुख्यमंत्री जी ने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से की अपील, स्कूल चलो अभियान को बनाएं जन आंदोलन का हिस्सा*
*बच्चों द्वारा बनाए गये मॉडलों को देखा, किया उत्साहवर्धन*
*मुख्यमंत्री जी ने स्वयं छात्रों को तहरी एवं हलवे का मध्यान भोजन तथा बच्चों को दी चोकलेट*
*आंगनवाडी केन्द्र पर बच्चों का कराया अन्नप्रासन*
सहारनपुर, दिनांक 01 जुलाई, 2026 (सू0वि0)।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद भ्रमण के दौरान उ0प्रा0विद्यालय इस्माईलपुर (कम्पोजिट) से स्कूल चलो अभियान 2026 के द्वितीय चरण का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार ने मुख्यमंत्री जी को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।
मुख्यमंत्री जी ने बच्चों द्वारा बनाए गये विभिन्न प्रकार के माडलों के बारे में पूछा गया। इसके बारे में बच्चों द्वारा आत्मविश्वास से सभी का उत्तर दिया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय चक्खीजरपुर एवं मीरपुर गन्देवर द्वारा मीना मंच का स्टॉल लगाया गया जिसमें मिशन शक्ति, महिला शक्तिकरण, नारी आत्मनिर्भरता के लिए व्यवसायिक शिक्षा दर्शाया गया।
माननीय मुख्यमंत्री जी स्टॉल को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होने छात्रा से लौकी की पंजीरी बनाने की विधि पूछी गई। मुख्यमंत्री जी बहुत प्रसन्न हुए और छात्रा को आशीर्वाद दिया। विद्यार्थी कृष्णा विद्यालय सरसोंहेडी के द्वारा भाषा कौशल विकास से संबंधित नए शब्द बनाने और व उन्हें पढ़कर सुनाने के लिए कहा गया। बच्चों ने बहुत खुशी के साथ और बहुत रोचक तरीके से नए शब्द बनाकर और पढ़कर सुनाएं। इसके उपरांत कुछ बच्चों से पुस्तक भी पढवाई। मुख्यमंत्री जी ने स्वयं छात्रों को तहरी एवं हलवे का मध्यान भोजन वितरण किया। मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनवाडी केन्द्र में 10 बच्चों को अन्नप्रासन भी कराया गया एवं बच्चों को चोकलेट वितरित की गयी।
इस दौरान उन्होने उ0प्रा0विद्यालय इस्माईलपुर (कम्पोजिट) के कक्षा एक के छात्र लवियांस, पीएम श्री विद्यालय बुडढाखेडा विकासखण्ड सरसावा की कक्षा एक की छात्रा साक्षी, मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय सढौली हरिया विकासखण्ड रामपुर मनिहारान के कक्षा एक के छात्र आरव, प्राथमिक विद्यालय पांसर विकासखण्ड मुजफ्फराबाद, कक्षा एक की छात्रा अस्मिता, पीएम श्री विद्यालय तल्हेडी विकासखण्ड नानौता से कक्षा चार के छात्र रविन्द्र कुल 05 छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक रूप से स्कूल बैग, पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी का सामान वितरित करने के साथ ही मिष्ठान के रूप में चोकलेट भी दी।
प्रथम चरण में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 05 प्रधानाध्यापकों उच्च प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर लबडोला विकासखण्ड नागल की प्रधानाध्यापिक श्रीमती इंदू बेस, प्राथमिक विद्यालय सरसावा के प्रधानाध्यापक श्री कुलदीप अरोड़ा, प्राथमिक विद्यालय तबर्रकपुर गंगोह के इंचार्ज प्रधनाध्यापक श्री अश्विनी कुमार शर्मा, प्राथमिक विद्यालय धानाखण्डी पुंवारका के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्री राज सिंह, प्राथमिक विद्यालय खेड़का जुनारदार मुजफ्फराबाद इंचार्ज प्रधनाध्यापिका श्रीमती मोहिनी पाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि माँ शाकम्भरी की पावन धरा पर स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के कार्यक्रम का शुभारम्भ करने का अवसर महज संयोग नहीं बल्कि ईश्वरीय कृपा है। अन्नदाता किसानों के लिए, देश के अन्न के भण्डार को भरने के लिए, भीष्ण गर्मी से राहत दिलाने के लिए बारिश के रूप में माँ शाकम्भरी की विशेष कृपा बरस रही है। व्यक्ति हो, समाज हो या राष्ट्र हो इन सबकी सुदृढ आधारशिला शिक्षा है। अच्छी शिक्षा सुसभ्य, संस्कारित नागरिक बनाते हुए सही मार्ग दिखाती है। अच्छी शिक्षा से ही अच्छे समाजसेवी, अच्छे शिक्षक, अच्छे प्रधानाचार्य, अच्छे जनप्रतिनिधि, अच्छे अधिकारी, अच्छे उद्यमी, अच्छे इंजीनियर, अच्छे चिकित्सक, अच्छे न्यायिक अधिकारी निकलते है। शिक्षा देश के भविष्य को बनाने वाली होती है। जिस भी क्षेत्र में आने वाली पीढी आगे बढे वह आत्मविश्वास से भरपूर होकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सके, इसलिए स्कूल चलो अभियान का प्रारम्भ किया गया है।
श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षा के उन्नयन के लिए सरकार की स्पष्ट नीति से परिणाम भी अच्छे मिले। बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ प्रत्येक बच्चे को उपलब्ध करवाने के संकल्प के साथ सरकार आगे बढ रही है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जनप्रनिनिधियों, अधिकारियों, उद्यमियों के सहयोग से आज विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के लिए अलग शौचालय, पेयजल, विद्युत, प्रकाश, स्मार्ट क्लास, फर्नीचर, मध्यान्ह भोजन, लाइब्रेरी की बेहतर व्यवस्थाएं की गयी है। छात्रों को निःशुल्क जूते-मोजे, यूनिफॉर्म, स्वेटर, पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग सहित सभी प्रकार की सुविधाओं से आच्छादित किया जा रहा है। आज स्कूलों में छात्र और शिक्षकों का रेशियो ठीक किया गया है। पिछले 09 वर्ष में 60 लाख अतिरिक्त बच्चे बेसिक शिक्षा परिषद में बढे है और ड्रॉपआउट रेट घटकर न्यूनतम हो गया है। स्वस्थ समाज के लिए कोई भी बच्चा स्कूल में जाने से वंचित न रहे। अगर कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित है तो वह केवल परिवार की ही नहीं समाज और राष्ट्र की क्षति है। ये ही बच्चे समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएंगे। हमें ऐसी फौज तैयार करनी है जो राष्ट्र के कर्तव्यशील नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सके। यह हम सबका सामुहिक राष्ट्रीय दायित्व बनता है कि अपने देश, समाज और हर परिवार की खुशहाली के लिए इस दिशा में ओर बेहतर प्रयास किए जाएं।
माननीय मुख्यमंत्री ने समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक से अपील करते हुए कहा कि देश को खुशहाल, समृद्ध और विकसित बनाने में प्रत्येक व्यक्ति अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को जिम्मेदारी के साथ निभाएं तथा सुनिश्चित करे कि अपने आस-पास कोई बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहने पाए। हर बच्चे को स्कूल पंहुचाना हमारा सामाजिक दायित्व और राष्ट्रीय कर्तव्य है। स्कूल चलो अभियान का जन आंदोलन का हिस्सा बनाएं और हर बच्चे को स्कूल पंहुचाएं। बेसिक शिक्षा परिषद के प्रधानाध्यापक और शिक्षक सुनिश्चित करंे कि जिन बच्चों का विद्यालय में नामांकन हुआ है उनको समय से यूनिफॉर्म की धनराशि, पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग और अन्य सुविधाएं मिले। आज विद्यालयों में बेहतरीन पठन-पाठन के माहौल के लिए स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाईब्रेरी, आईसीटी लैब, शिक्षकों को टैबलेट वितरण सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। 1.5 लाख से अधिक दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए गये है।
श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गत वर्ष बेसिक शिक्षा परिषद ने 13 हजार से अधिक गंभीर और बहुदिव्यांग बच्चों को प्रतिवर्ष 06 हजार रूपये स्कॉट एलाउंस उपलब्ध करवाया गया है। 23 हजार से अधिक दिव्यांग बालिकाओं को दो हजार प्रति वर्ष की दर से स्टाइपेंड भी उपलब्ध करवाने का कार्य किया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत लर्निंग बाई डूइंग के माध्यम से बच्चों को प्रारम्भिक स्तर पर ही कौशल शिक्षा देना प्रारम्भ किया गया है। सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय को 10 हजार से बढाकर 18 हजार किया गया है। अनुदेशकों के मानदेय को 09 हजार से बढाकर 17 हजार प्रतिमाह किया है। इसी के साथ हर शिक्षामित्र, शिक्षक, प्रधानाचार्य, अनुदेशक, रसोईया सभी को 05 लाख रूपये सालाना कैशलैस की चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करवाने की करवाई बहुत शीघ्र लागू होने वाली है।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने सभी से अनुरोध करते हुए कहा कि अगले 15 दिन मेहनत करते हुए प्रत्येक परिवार के पास जाएं, प्रत्येक ग्रामपंचायत एवं वार्ड में बैठक कर प्रतिस्पर्धा कीजिए कि किस स्कूल में कितने अधिक बच्चे आ सकते है। उन्होने कहा कि बच्चों को प्यार-प्यार में, गानों, लोकोक्तियों, मुहावरों, कविताओं के माध्यम से सिखाने की नई पद्धती अपनाई जाए।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बेसिक शिक्षा श्री सन्दीप सिंह ने कहा कि माँ शाकम्भरी की पुण्य एवं पावन धरती पर माँ सरस्वती के आशीर्वाद से शिक्षा का यह महायज्ञ निरंतर आगे बढ रहा है। माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में राष्ट्र को 2047 तक विकसित बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा विभाग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को पूरी तरह से निभाते हुए आगे बढ रहा है। प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय को मूलभूत सुविधाआंे से जोडा गया है। प्रत्येक शिक्षक को सम्मान दिया गया है। आज शिक्षा विभाग प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापरक शिक्षा देने में सफलतम रूप से आगे बढ रहा है। यह कार्यक्रम देश के उज्ज्वल भविष्य को संवारने तथा उनको मुख्य धारा से जोडने का है। इससे प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मूल धारा से जोडने का संकल्प लेने के लिए यहां एकत्रित हुए है। प्रदेश में स्कूल चलो अभियान के तहत 20 लाख से अधिक नए बच्चों को नामांकन किया गया है। जनपद में पिछले चरण में 35 हजार से अधिक बच्चों का नामांकन किया गया है। बच्चों की शिक्षा के प्रति हम पूर्ण रूप से जागरूक है तथा उनके भविष्य के साथ खिलवाड नहीं होने दिया जाएगा। बालिकाओं की रक्षा के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह, विधायक नकुड श्री मुकेश चौधरी, पूर्व सांसद श्री राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व सांसद श्री प्रदीप चौधरी, मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री अजीत राणा, एडी बेसिक श्री आर0के0सिंह बीएसए कोमल सहित संबंधित अधिकारीगण, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*मुख्यमंत्री ने किया 613 करोड़ रूपये से अधिक की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण*
*सहारनपुर नगर एवं सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्रों की परियोजनाएं रही शामिल*
*विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र किए वितरित*
*उत्तर प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक पहल, रोवर पैमाइश से इंच-इंच का होगा निष्पक्ष हिसाब*
*एक जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा धारा 24 के अन्तर्गत रोवर द्वारा पैमाइश का अभियान, लघु फिल्म के माध्यम से बताए गये इसके फायदे*
*जनपद सहारनपुर के 09 वर्षों के विकास पर आधारित दिखाई गयी लघु फिल्म*
*मजबूत विरासत की धरा पर बहेगी विकास की धारा*
*सहारनपुर में माँ शाकम्भरी के भव्य कोरीडोर का हो रहा निर्माण, किसी भी मौसम में श्रद्धालुओं का मां के दरबार में जाना नहीं होगा बंद*
*सहारनपुर के विकास कार्यों एवं रोजगार प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं की प्रशंसा की*
*विकास की यह रफ्तार केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं, मिलती है अर्थव्यवस्था को भी उड़ान*
*सहारनपुर के कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी वुड कार्विंग की अपनी परम्परा को रखा जीवित*
*एक जनपद एक उत्पाद के माध्यम से सहारनपुर को मिल रही वैश्विक पहचान*
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद की सहारनपुर नगर एवं सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्रों की 32 करोड़ से अधिक लागत की 07 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 581 करोड़ से अधिक लागत की 03 परियोजनाओं का शिलान्यास, कुल 613 करोड़ रूपये से अधिक लागत की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
लोकार्पण होने वाली परियोजनाओं में 36 लाख से ग्राम चुनैहटी शेख ग्राम शेखपुरा छाछरेकी मंे पंचायत भवन निर्माण कार्य, 6.44 करोड़ से जोनल ऑफिस ई कांफ्रेंस हॉल सहित नगर निगम का निर्माण कार्य, 7.43 करोड़ से हकीकत नगर में सीनियर सिटीजन केयर सेन्टर कम वर्किंग वूमन हॉस्टल का निर्माण कार्य, 10 करोड़ से पांवधोई एवं ढमोला नदी के संगम पर पंहुच मार्ग एवं रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य, 6.13 करोड़ से नवाबगंज-जेल चुंगी मार्ग के चैनेज 02 लेन विद पेव्ड0 शोल्डर के साथ चौडीकरण एवं सुदृढीकरण कार्य, 1.85 करोड़ से एनीमल बर्थ कन्ट्रोल परियोजनान्तर्गत नगर निगम में ए0बी0सी0 सेन्टर की स्थापना एवं उसके अन्तर्गत डॉग केयर सेन्टर शामिल है।
शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में 577.23 करोड़ से आई0 एण्ड डी0 एवं 135 एम.एल.डी. एसटीपी कार्य, 2.66 करोड़ से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 08 थ्योरी कक्षों का निर्माण कार्य एवं 1.28 करोड़ से प्लास्टिक प्रोसेसिंग आपरेटर वर्कशाप का निर्माण कार्य शामिल है।
मुख्यमंत्री जी द्वारा मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत रचना, श्रीमती सावित्री, श्रीमती रीना, श्री सौरभ, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत श्री तरूण कुमार, श्री विजय पाण्डेय, श्रीमती सोमती को स्वीकृति पत्र, सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाईजेशन योजना के तहत श्री कृष्णपाल को कस्टम हायरिंग सैन्टर्स की चाबी, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत श्रीमती अनुप्रेक्षा, श्री अमित कुमार, श्री मोहित कुमार को स्वीकृति पत्र, ओडीओपी के तहत श्री प्रवीण कुमार, श्री अशोक कुमार, अरसलन अंसारी, शैद को टूलकिट, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत श्रीमती प्रीता, श्रीमती मिनाक्षी, श्रीमती सिमरन, श्रीमती संयोगिता को संयुक्त रूप से सीआईएफ फण्ड का 06 करोड़ तिहत्तर लाख रूपये का डमी चैक दिया गया।
मुख्यमंत्री जी ने एक जुलाई से 15 अगस्त तक धारा 24 के अन्तर्गत रोवर द्वारा पैमाइश अभियान का भी शुभारम्भ किया। इस अवसर पर एक लघु फिल्म दिखाई गयी जिसमें बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक पहल है। रोवर पैमाइश से भूमि की वास्तविक स्थिति का सटीक निर्धारण कर इंच-इंच का निष्पक्ष हिसाब होगा। इसके प्रयोग से पारंपरिक विधियों की तुलना में कम समय में पैमाइश, आधुनिक राजस्व अभिलेखों के अनुरूप पैमाइश, मानवीय त्रुटियों एवं विवादों का अंदेशा न्यूनतम, सीमा विवादों का त्वरित समाधान एवं सही पैमाइश से अनावश्यक विवादों एवं मुकदमों में कमी आएगी। इसके उपरान्त जनपद सहारनपुर के 09 वर्षों के विकास पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। जिसके अन्तर्गत जनपद में किए गये महत्वूपर्ण कार्यों को प्रदर्शित करते हुए उनकी महत्ता बताई गयी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री जी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गये वुडन हैण्डी क्राफ्ट, हर्बल शोप, आचार-मुरब्बा, मशरूम, मशाले एवं लकड़ी के उत्पाद के स्टालों का निरीक्षण किया। इसी के साथ राजस्व विभाग द्वारा लगाए गये भूमि पेमाईश के लिए तकनीकि का इस्तेमाल कर बनाए गये रोवर को प्रदर्शित किया गया जिसको माननीय मुख्यमंत्री जी ने देखा।
राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह एवं राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी सहित जनप्रतिनिधयों द्वारा गणेश जी की प्रतिमा भेंटकर स्वागत और अभिनन्दन किया।
जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान ने माननीय मुख्यमंत्री जी को जनपद के ओडीओपी काष्ठ निर्मित मां सरस्वती जी की मूर्ति भेंट की गयी।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराज सिंह डिग्री कॉलेज ग्राउण्ड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब विकास के लिए जज्बा हेाता है तो उस जज्बे का परिणाम विकास और विरासत के बेहतर समन्वय के रूप में हमारे सामने आता है। आज विकास की जिन योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है यह योजनाएं विकसित भारत की आधारशिला बनने वाली है। मजबूत विरासत की मजबूत नींव पर ही एक सुदृढ विकास की आधारसिला को आगे बढाया जा सकता है। विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लिए आवश्यक है कि हम विकास और विरासत में बेहतर समन्वय बनाएं।
14 अपै्रल डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी की जयन्ती के अवसर पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सहारनपुर की धरती से दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकॉनामिक कोरीडोर का लोकार्पण किया था। 12 हजार करोड़ रूपये की लागत का ग्रीन फील्ड कोरीडोर सहारनपुर की देश की राजधानी के साथ कनेक्टिविटी को बेहतर करता है। अब सहारनपुर का व्यक्ति 1.5 से 02 घण्टे में दिल्ली पंहुच जाता है। विकास की यह रफ्तार केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है, यह अर्थव्यवस्था को भी इसी प्रकार की उड़ान दे रही है। जितनी अच्छी सडकें होंगी, जितनी अच्छी कनेक्टिविटी होगी उतनी ही विकास की रफ्तार तेज होगी। विकास की रफतार जितनी तेज होगी अर्थव्यवस्था उतनी ही मजबूती के साथ आगे बढेगी। प्रदेश सरकार ने दशकों से लम्बित परियोजनाओं को पूर्ण करने का कार्य किया है। रोड़ और रेलवे की कनेक्टिविटी के साथ ही अब सहारनपुर ऐयर कनेक्टिविटी के लिए भी तैयार हो रहा है। यह उड़ान सहारनपुर के नए विकास की आधारशिला बनेगी। अब सहारनपुर में अपना मेडिकल कॉलेज भी है। मेडिकल कॉलेज के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है और द्वितीय चरण के उन्नयन के कुछ कार्यक्रमों की आज आधारशिला रखी जा रही है।
सहारनपुर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हो तथा यंहा के नालों में सीवेज व ड्रेनेज का पानी ऐसे ही न बहे इसके लिए एसटीपी की आधारशिला रखी गयी है। विकास और कनेक्टिविटी कैसी होनी चाहिए यह सहारनपुर ने कर दिखाया है। यहां के कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी वुड कार्विंग की अपनी परम्परा को जीवित रखा। आज एक जनपद एक उत्पाद के माध्यम से सहारनपुर को वैश्विक पहचान मिल रही है। 600 करोड़ से अधिक रूपये के वुड कार्विंग के उत्पादों का एक्सपोर्ट हो रहा है। एक्सपोर्ट की ताकत ही वास्तविक ताकत।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी के साथ आगे बढ रहा है। सहारनपुर में माँ शाकम्भरी के भव्य कोरीडोर का निर्माण हो रहा है। सर्दी, गर्मी, बरसात किसी भी मौसम में अब श्रद्धालुओं का मां के दरबार में जाना बंद नहीं होगा। शानदार ऐलिवेटिड कोरीडोर एवं फैसिलिटेशन सेन्टर के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। आज स्मार्ट रोड़, सडकें, इकॉनोमिक कोरीडोर, फोर लेन और टू लेन की कनेक्टिविटी, पुल, विश्वविद्यालय, स्पोर्टस कॉलेज, सरसावा सिविल टर्मिनल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आज प्रदेश के सभी जनपदों, तहसीलों, विकासखण्डों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, वार्डों में समान रूप से विकास हो रहा है। यही जीवन में परिवर्तन लाएगा। संत रविदास जी के जन्मभूमि काशी में भव्य कोरीडोर बनाया गया है तथा भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है। सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरण में सहारनपुर का नौजवान भी नियुक्ति पत्र पाता है। उन्होने कहा कि सरकार सहारनपुर वासियों के विकास के लिए पूरी मजबूती के साथ खडी है। यही मजबूती हम सबको आगे बढाएगी तथा नौजवानों के जीवन में परिवर्तन लाएगी।
राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह ने कहा कि सहारनपुर जनपद से तीन राज्यों की सीमा मिलती है। हमारे मुख्यमंत्री जी इतने संवेदनशील है कि चुनावी जनसभाओं के अलावा पिछले 09 वर्षों में 28 बार जनपद में आ चुके है। माँ शाकम्भरी मंदिर परिसर में आई बाढ के बाद स्वयं जाएजा लेने आना ही माननीय मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता का उदाहरण है।
राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून का राज है। बडे-बडे माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का कार्य हुआ है। उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ रहा है। आज प्रदेश में लाखों करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे है। पारदर्शिता के साथ 09 लाख से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गयी है। चारों तरफ खुशहाली का माहौल है। उत्तर प्रदेश अब सर्वाेत्तम प्रदेश में शामिल है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बेसिक शिक्षा श्री सन्दीप सिंह, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ0 अजय कुमार सिंह, विधायक नकुड श्री मुकेश चौधरी, विधायक नगर श्री राजीव गुम्बर, विधायक रामपुर मनिहारान श्री देवेन्द्र निम, विधायक गंगोह श्री किरत सिंह, सदस्य विधान परिषद श्रीमती वंदना वर्मा, यूपी सिडको के अध्यक्ष श्री वाई0पी0सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष भाजपा श्री शीतल विश्नोई, पूर्व सांसद श्री राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व सांसद श्री प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक श्री धर्म सिंह सैनी, पूर्व मेयर श्री संजीव वालिया, पूर्व मंत्री श्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक श्री जगपाल सिंह, पूर्व विधायक श्री नरेश सैनी, एडीजी श्री भानू भास्कर, मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन, मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, सहित जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।
*मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में की सहारनपुर मण्डल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा एवं नये कार्यों की योजना के संबंध में बैठक*
*सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें – मुख्यमंत्री*
*कोई संशोधन या सुझाव हो, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराये, जिससे उक्त कार्य योजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त कर 15 अगस्त, 2026 तक इन कार्यों का शिलान्यास कर कार्य प्रारम्भ कराया जा सके*
*कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, जिससे कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके*
*सहारनपुर मण्डल में कुल 3282.44 करोड़ रुपये की लागत से 1188 विकास कार्य प्रस्तावित*
मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद भ्रमण के दौरान सर्किट हाउस सभागार में सहारनपुर मण्डल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा एवं नये कार्यों की योजना के संबंध में बैठक की।
मुख्यमंत्री जी ने विधान सभावार प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कहा कि सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। यदि जनप्रतिनिधिगण प्रस्तावों में कोई संशोधन या सुझाव देना चाहते हैं, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराये, जिससे उक्त कार्य योजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जा सके तथा 15 अगस्त, 2026 तक इन कार्यों का शिलान्यास कर कार्य प्रारम्भ कराया जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, जिससे कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके।
मुख्यमंत्री जी को प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि सहारनपुर मण्डल में कुल 3282.44 करोड़ रुपये की लागत से 1188 विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनके अन्तर्गत 06 स्टेट हाईवे, 68 एम0डी0आर0/ओ0डी0आर0, 01 बाईपास, 05 धर्मार्थ कार्य, 01 लॉजिस्टिक/इण्डस्ट्रियल कार्य, 05 आई0एस0सी0 रोड, 504 चीनी मिल, 155 न्यू कंस्ट्रक्शन, 02 सी0आर0आई0एफ0 रोड, 04 रोड सेफ्टी सम्बन्धी कार्य, ग्रामीण क्षेत्रों में 60 बडे़/लघु सेतु कार्य, नगरीय क्षेत्रों में 02 बडे़/लघु सेतु कार्य, 06 आर0ओ0बी0 तथा 369 मार्गों का मरम्मत कार्य सम्मिलित हैं।
बैठक में केबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बेसिक शिक्षा श्री सन्दीप सिंह, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह, सांसद बिजनौर श्री चंदन चौहान, महापौर डॉ0 अजय कुमार सिंह, विधायक नकुड श्री मुकेश चौधरी, विधायक नगर श्री राजीव गुम्बर, विधायक रामपुर मनिहारान श्री देवेन्द्र निम, विधायक गंगोह श्री किरत सिंह, सदस्य विधान परिषद श्रीमती वंदना वर्मा, सदस्य विधान परिषद श्री विरेन्द्र सिंह, विधायक शामली श्री प्रसन्न कुमार, विधायक खतौली श्री मदन भैया, विधायक बुढाना श्री राजपाल सिंह बालियान, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री अजय चौहान, मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
——-


