स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आम जनमानस को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
1 min read
मुजफ्फरनगर 21 सितंबर प्राप्त समाचार के अनुसार*स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में सफाई अभियान चलाकर कॉलोनीवासियों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाये रखने का आह्वान किया।*

भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रति वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जी की जयंती तक सेवा पखवाडे का आयोजन किया जाता है। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सफाई अभियान, रक्तदान शिविर, मोदी जी के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वैचारिक गोष्ठी, स्वतंत्रता सेनानियों को नमन आदि कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं।

इसी क्रम में नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आज लखनऊ से आते ही सीधे मेरठ रोड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में अध्यक्षा नगर पालिका के साथ सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर कॉलोनी में एंटी लार्वा का छिडकाव, नाला सफाई, गली-मोहल्ले की सफाई, पेड़-पौधों का संरक्षण एवं सौंदर्यकरण किया गया।
मौके पर उपस्थित कॉलोनीवासियों से आह्वान करते हुए मंत्री कपिल देव ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि अपने आस-पास सफाई करना एवं वातावरण को स्वच्छ बनाये रखना सिर्फ पालिका या किसी सरकारी संस्था का काम नहीं, बल्कि हम सबका सामाजिक दायित्व भी है। मंत्री कपिल देव ने कॉलोनीवासियों को स्वच्छता के प्रति संवेदनशील बनने की शपथ दिलाते हुए आह्वान किया कि हम अपने गली-मोहल्लों में गंदगी नहीं फैलने देंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र पाल, स्वच्छता अभियान के संयोजक सचिन सिंघल व अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह व कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

