नागरिकों के मार्गदर्शन हेतु केंद्र पर हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की गई है
1 min read
*नागरिकों को आधार से संबंधित सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध*
मुजफ्फरनगर 18 जून प्राप्त समाचार के अनुसार आसपास के जनपदों के नागरिकों को आधार कार्ड बनवाने अथवा आधार में किसी प्रकार का संशोधन कराने के लिए अब इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा मुजफ्फरनगर में स्थापित आधार सेवा केंद्र अब पूर्ण रूप से संचालित हो चुका है तथा नागरिकों को आधार से संबंधित सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रुड़की रोड स्थित दीपक पैलेस, नानकी हॉस्पिटल के सामने संचालित यह आधार सेवा केंद्र जनपद का पहला यूआईडीएआई संचालित आधार सेवा केंद्र है। केंद्र के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां आधार संबंधी सभी सेवाएं नियमित एवं व्यवस्थित रूप से प्रदान की जा रही हैं। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र में आवश्यक संसाधनों एवं प्रशिक्षित कार्मिकों की व्यवस्था की गई है, जिससे आधार संबंधी कार्यों का निस्तारण समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से किया जा सके।
यह आधार सेवा केंद्र अत्याधुनिक तकनीक एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। सामान्यतः विभिन्न सेवा केंद्रों, बैंकों अथवा डाकघरों में आधार संबंधी कार्यों के दौरान नागरिकों को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, उनसे यहां काफी हद तक राहत मिलेगी। केंद्र का वातावरण एवं कार्यप्रणाली पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर विकसित की गई है, जहां प्रत्येक चरण के लिए अलग-अलग प्रशिक्षित कर्मियों की नियुक्ति की गई है। इससे आवेदकों को व्यवस्थित एवं सुगम सेवा प्राप्त हो रही है।
नागरिकों के मार्गदर्शन हेतु केंद्र पर हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की गई है, जहां आधार संबंधी जानकारी एवं प्रक्रिया के बारे में सहायता प्रदान की जाती है। प्रतिदिन लगभग 600 आधार संबंधी आवेदनों के निस्तारण की क्षमता के साथ यह केंद्र बड़ी संख्या में आने वाले नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम है।
आधार सेवा केंद्र पर नया आधार नामांकन, आधार में नाम, पता, जन्मतिथि एवं लिंग में संशोधन, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट, फोटो परिवर्तन, बायोमेट्रिक अपडेट सहित आधार से जुड़े सभी कार्य किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त आधार कार्ड से संबंधित अन्य आवश्यक सेवाएं भी यहां उपलब्ध हैं। विशेष बात यह है कि केंद्र पर केवल यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित अधिकृत शुल्क ही लिया जाता है तथा किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क देय नहीं है।
*नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत* यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगा। केंद्र का समय प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। मुजफ्फरनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिक इस केंद्र का लाभ उठाकर आधार संबंधी सेवाएं आसानी एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आधार कार्ड से संबंधित किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर वे अधिकृत आधार सेवा केंद्र का ही उपयोग करें तथा निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को भुगतान न करें।


