विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने किया वृक्षारोपण
1 min read
*विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*
*मुजफ्फरनगर,05 जून 2026* विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज जट मुझेड़ा स्थित पोस्टमार्टम हाउस परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि स्वस्थ जीवन एवं स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य इकाइयों तथा स्वास्थ्य विभाग के सभी कार्यालयों को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने हेतु निर्देशित किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल एक पौधा लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने समस्त जनपदवासियों एवं देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और जिस प्रकार वह अपनी मां का सम्मान एवं देखभाल करता है, उसी प्रकार उस पौधे की भी पूरे वर्ष नियमित रूप से देखभाल करे, ताकि वह एक विशाल वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, छाया एवं बेहतर पर्यावरण प्रदान कर सके।
डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हम सभी मिलकर वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप दें, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


