मुजफ्फरनगर को स्मार्ट सिटी बनाना हमारी प्राथमिकता” — मंत्री कपिल देव
1 min read
*“मुजफ्फरनगर को स्मार्ट सिटी बनाना हमारी प्राथमिकता” — मंत्री कपिल देव*
मुजफ्फरनगर, 17 मई प्राप्त समाचार के अनुसार
*प्रदेश सरकार की विकासोन्मुख नीतियों को धरातल पर उतारते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर को “स्मार्ट सिटी” के रूप में विकसित करने के लिए ठोस पहल की है। इसी क्रम में उन्होंने जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को निर्देशित किया है कि सभी संबंधित विभागों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक शीघ्र आहूत की जाए, ताकि नगर के समग्र विकास की दिशा में तेज गति से कार्य किया जा सके।*
*मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर को भी एक आदर्श “स्मार्ट सिटी” के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां नागरिकों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण पेयजल और आकर्षक शहरी सौंदर्यीकरण की सुविधाएं उपलब्ध हों।*
*निर्देशानुसार, दिनांक 18 मई 2026 को दोपहर 12:30 बजे विकास भवन, मुजफ्फरनगर में मंत्री कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नगर पालिका परिषद, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA), जल निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।*
*उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित हों और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को स्पष्ट रूप से चिन्हित करें। उन्होंने यह भी कहा कि बैठक में समस्याओं के समाधान हेतु समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो।*
*मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि समन्वित प्रयासों और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से मुजफ्फरनगर को शीघ्र ही एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं विकसित “स्मार्ट सिटी” के रूप में स्थापित किया जाएगा, जो प्रदेश के अन्य जनपदों के लिए भी एक उदाहरण बनेगा।*
*मंत्री कपिल देव ने कहा कि स्मार्ट सिटी का सपना तभी साकार होगा, जब आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित हो। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर के विकास, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल, बिजली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अपने सुझाव, समस्याएं एवं नवाचार इस व्हाट्सएप नंबर 9457691467 पर साझा करें।*
*उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त होने वाले सभी सुझावों का गहन अध्ययन कर उन्हें विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा, ताकि मुजफ्फरनगर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप “स्मार्ट सिटी” के रूप में विकसित किया जा सके।*
*उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुजफ्फरनगर के जागरूक नागरिक इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और अपने बहुमूल्य सुझाव देकर शहर को बेहतर बनाने में सहयोग करेंगे।*
