पीएनबी का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 14.4 फीसदी बढ़ा, एनपीए में गिरावट
1 min read
पीएनबी का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 14.4 फीसदी बढ़ा, एनपीए में गिरावट
लखनऊ, 5 मई 2026: सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में से एक पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 5225 करोड़ रूपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है जो पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 14.4 फीसदी अधिक है।
पंजाब नैशनल बैंक ने मंगलवार को 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष एवं चौथी तिमाही के वित्तीय नतीजों का एलान किया। वित्तीय परिणामों की जानकारी देते हुए पीएनबी एमडी एवं सीईओ, अशोक चंद्र ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक ने वर्ष दर वर्ष आधार पर 1.6 फीसदी की वृद्धि के साथ 16904 करोड़ रूपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। वहीं चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ वर्ष दर वर्ष आधार पर 14.4 फीसदी बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन लाभ वर्ष दर वर्ष आधार पर 9.2 फीसदी बढ़कर 29290 करोड़ रूपये हो गया। वहीं चौथी तिमाही में यह वर्ष दर वर्ष आधार पर 10.7 फीसदी बढ़कर 7500 करोड़ रूपये हो गया जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 6776 करोड़ रूपये था।
वित्तीय परिणामों के प्रमुख बिंदुओ के बारे में बताते हुए पीएनबी एमडी एवं सीईओ, अशोक चंद्र ने कहा कि सकल एनपीए वित्त वर्ष 2025-26 में 100 बीपीएस के सुधार के साथ 2.95 फीसदी रहा जो पिछले वित्त वर्ष में 3.95 फीसदी था। शुद्ध एनपीए 31 मार्च 2026 को 0.29 फीसदी पहुंच गया जो बीते साल इसी अवधि में 0.40 फीसदी था।
पीएनबी का वैश्विक बिजनेस वित्त वर्ष 2025-26 में 10.7 फीसदी की वृद्धि के साथ 29.70 लाख करोड़ हो गया। वैश्विक जमाराशियों में 9.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी है। बैंक का ऋण-जमा (सीडी) अनुपात 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में 73.6 फीसदी रहा जो बीते साल इसी अवधि में 71.3 फीसदी था।
31 मार्च 2026 तक, बैंक की 10,324 घरेलू शाखाएँ और 2 अंतर्राष्ट्रीय शाखाएँ हैं। कुल शाखाओं में से, बैंक की 63.4% शाखाएँ ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में हैं। बैंक के वितरण नेटवर्क में 11,065 एटीएम और 33,314 बीसी भी शामिल हैं, जिससे 31.03.2026 तक कुल टच पॉइंट्स की संख्या 54,703 हो गई है।


