मीरापुर क्षेत्र में घायल बच्चे की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद, भ्रामक सूचनाएं फैलाना अनुचित
*मीरापुर क्षेत्र में घायल बच्चे की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद, भ्रामक सूचनाएं फैलाना अनुचित — मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया*
*मुजफ्फरनगर, 24 मई 2026*
जनपद मुजफ्फरनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई गए घायल बच्चे की दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक घटना है। इस घटना से वह स्वयं अत्यंत आहत एवं दुखी हैं तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक अनजान व्यक्ति द्वारा लगातार यह भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है कि जनपद मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण बच्चे को उपचार के लिए मेरठ जनपद के मवाना क्षेत्र ले जाया गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह जानकारी पूर्णतः असत्य, भ्रामक एवं तथ्यहीन है।
उन्होंने बताया कि मीरापुर क्षेत्र में स्वयं एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। इसके अतिरिक्त निकटवर्ती रामराज क्षेत्र में भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध है। वहीं मीरापुर से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ स्थित है, जहां विभिन्न आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं एवं चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही मीरापुर क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर खतौली में ट्रॉमा सेंटर भी संचालित है, जहां दुर्घटना एवं गंभीर मरीजों के उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मीरापुर क्षेत्र एवं उसके आसपास सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का पर्याप्त नेटवर्क उपलब्ध होने के बावजूद घायल बच्चे को किसी भी नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र अथवा सरकारी अस्पताल में उपचार हेतु न ले जाकर दूसरे जनपद के निजी अस्पताल की ओर ले जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि यदि घायल बच्चे को समय रहते निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाती, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी।
डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि इस प्रकार की दुखद घटनाओं को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर गलत एवं भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करना न केवल जनमानस को भ्रमित करने का कार्य है, बल्कि इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की छवि को भी अनावश्यक रूप से धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा आमजन को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जिस अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारी प्रसारित की जा रही है, उसके विरुद्ध विधिक एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा आपात स्थिति में निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान से तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें।
