प्रोफेसर आर. के. सिंह बने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के कृषि संकाय अध्यक्ष
1 min read
प्रोफेसर आर. के. सिंह बने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के कृषि संकाय अध्यक्ष (Dean of Agriculture)
मुज़फ्फरनगर /सहारनपुर। शिक्षा एवं कृषि जगत के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि प्रोफेसर आर. के. सिंह, विभागाध्यक्ष – हॉर्टिकल्चर विभाग, सी.सी.आर. (पी.जी.) कॉलेज, मुज़फ्फरनगर (उ.प्र.) को मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, पुवारका, सहारनपुर (उ.प्र.) में कृषि संकाय अध्यक्ष (Dean of Agriculture) के महत्वपूर्ण पद पर सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
प्रोफेसर सिंह कृषि शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने अपने दीर्घ शैक्षणिक अनुभव, शोध कार्यों एवं प्रशासनिक दक्षता के माध्यम से सदैव उत्कृष्टता का परिचय दिया है। उनकी इस नियुक्ति से न केवल विश्वविद्यालय बल्कि समूचे क्षेत्र में कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा मिलने की अपेक्षा की जा रही है।
इस अवसर पर प्रोफेसर आर. के. सिंह ने कहा कि वे अपने इस दायित्व को पूर्ण निष्ठा, परिश्रम एवं ईमानदारी के साथ निभाते हुए कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता स्थापित करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य केवल पद की गरिमा को बनाए रखना ही नहीं, बल्कि उसे नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना है, जिससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं समाज को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने अपने सहयोगियों, वरिष्ठजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं मार्गदर्शन से वे कृषि संकाय को विकास के नए आयामों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।
प्रोफेसर सिंह की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शिक्षाविदों, सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।


