राजस्व वसूली में तेजी, कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर
1 min read
*राजस्व वसूली में तेजी, कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर मुख्य अभियंता सख्त!*
मुजफ्फरनगर। मुख्य अभियंता (विद्युत) विनोद कुमार ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मुजफ्फरनगर क्षेत्र के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राजस्व वसूली अभियान में तेजी लाने तथा आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकायेदार उपभोक्ताओं से समयबद्ध राजस्व वसूली, विशेष रूप से 5 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही कम विद्युत खपत एवं अधिक संयोजित भार वाले उपभोक्ताओं की जांच, मीटर परीक्षण और विद्युत चोरी की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता ने कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों की मरम्मत, जर्जर तारों के प्रतिस्थापन, ट्रांसफार्मरों के रखरखाव और सभी आवश्यक कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर शासन एवं निगम मुख्यालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा।
