सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी का किया रात्रिकालीन औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी का किया रात्रिकालीन औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक
*मुजफ्फरनगर, 16 अक्टूबर 2026* जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शुक्रवार रात्रि जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी विभाग का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के समय इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुशांत ड्यूटी पर उपस्थित मिले। सीएमओ ने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उनसे उपचार, दवाओं और अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से यह भी जाना कि उन्हें समय पर उपचार मिल रहा है या नहीं और चिकित्सा सेवाओं को लेकर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि इमरजेंसी विभाग में आने वाले प्रत्येक मरीज को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। आपातकालीन स्थिति में किसी भी मरीज के उपचार में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकीय स्टाफ को अपनी ड्यूटी के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहने तथा इमरजेंसी विभाग में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
सीएमओ ने कहा कि मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर उचित उपचार मिल सके।


