आंध्र प्रदेश सरकार और पंजाब नैशनल बैंक ने अमरावती क्वांटम वैली में
1 min read
आंध्र प्रदेश सरकार और पंजाब नैशनल बैंक ने अमरावती क्वांटम वैली में भारत का पहला बैंक-संचालित क्वांटम फाइनेंस हब स्थापित करने के लिए एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
23 जुलाई 2026: उभरती प्रौद्योगिकियों (इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज) के माध्यम से भारत के भावी बैंकिंग तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, आंध्र प्रदेश सरकार और पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने आज अमरावती क्वांटम वैली (एक्यूवी) में ‘पीएनबी क्वांटम फाइनेंस हब’ की स्थापना के लिए एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान आंध्र प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू और पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, श्री अशोक चंद्र की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया, जो भारत के बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, प्रतिभा विकास तथा अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों को अपनाने के लिए आंध्र प्रदेश सरकार और पीएनबी की साझा प्रतिबद्धता को दोहराता है।
इस अवसर पर, श्री अशोक चंद्र ने ‘पीएनबी क्वांटम फाइनेंस हब’ का उद्घाटन किया, जिससे पीएनबी बैंकिंग क्षेत्र के लिए एक समर्पित क्वांटम फाइनेंस हब स्थापित करने हेतु किसी राज्य सरकार के साथ साझेदारी करने वाला भारत का पहला बैंक बन गया है।
यह हब एक सहयोगात्मक मंच के रूप में कार्य करेगा जो बैंकिंग सेवाओं में सुधार, साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने, धोखाधड़ी का पता लगाने की प्रणाली को बेहतर बनाने, व्यावसायिक परिचालन को अनुकूलित करने, ग्राहक अनुभव को बढ़ाने और भविष्य के लिए सुरक्षित डिजिटल वित्तीय प्रणालियों का निर्माण करने वाले व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए उद्योग, शिक्षा जगत, स्टार्टअप्स, अनुसंधान संस्थानों, सरकारी एजेंसियों और प्रौद्योगिकी भागीदारों को एक साथ लाएगा।
बैंकिंग क्षेत्र तीव्र डिजिटल परिवर्तन का साक्षी बन रहा है, जिसके साथ तेजी से जटिल होते साइबर खतरे, बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी के प्रयास और निरंतर विकसित होती सुरक्षा चुनौतियां सामने आ रही हैं। इसके साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग में हो रहे विकास वैश्विक वित्तीय परिदृश्य को नया आकार दे रहे हैं। जहां एक ओर ये प्रौद्योगिकियां कार्यकुशलता, ग्राहक सेवाओं और जोखिम प्रबंधन में सुधार के व्यापक अवसर प्रदान करती हैं, वहीं दूसरी ओर ये बैंकों से भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयार रहने और लचीले डिजिटल बुनियादी ढांचे को अपनाने की भी मांग करती हैं।
पीएनबी क्वांटम फाइनेंस हब अगली पीढ़ी के ऐसे बैंकिंग समाधानों के विकास, परीक्षण और उन्हें अपनाने में सक्षम बनाएगा जो सुरक्षित, बुद्धिमत्तापूर्ण और भविष्य के लिए तैयार हों। यह पहल सहयोगात्मक अनुसंधान का भी समर्थन करेगी, स्टार्टअप्स के बीच नवाचार को प्रोत्साहित करेगी, उद्योग-शिक्षा जगत की भागीदारी को बढ़ावा देगी और एक कुशल कार्यबल का निर्माण करेगी जो वित्तीय क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन के अगले चरण को गति देने में सक्षम हो।
इस अवसर पर अपने व्याख्यान में, माननीय मुख्यमंत्री श्री नारा चंद्रबाबू नायडू ने कहा:
“हमारा दृष्टिकोण अमरावती को गहन प्रौद्योगिकियों और नवाचार का एक वैश्विक केंद्र बनाना है। अमरावती क्वांटम वैली उन कई नवाचार पारिस्थितिकी प्रणालियों में से पहला है, जिन्हें हम इस भव्य दृष्टिकोण के हिस्से के रूप में अमरावती में विकसित कर रहे हैं।
पंजाब नैशनल बैंक क्वांटम एंड एआई फाइनेंस इनोवेशन हब की स्थापना इस यात्रा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत, स्टार्टअप्स और बैंकिंग क्षेत्र को एक साथ लाकर, यह साझेदारी बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र के लिए अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और व्यावहारिक समाधानों के विकास को गति देगी।
चूंकि वित्तीय क्षेत्र अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों और निरंतर विकसित होती साइबर सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयारी कर रहा है, इसलिए यह पहल सुरक्षित, बुद्धिमत्तापूर्ण और भविष्य के लिए तैयार बैंकिंग समाधानों के निर्माण में एक प्रमुख भूमिका निभाएगी। अमरावती में एक विश्व स्तरीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करते हुए क्वांटम प्रौद्योगिकियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल फाइनेंस में भारत के नेतृत्व को सुदृढ़ करने के लिए पंजाब नैशनल बैंक के साथ साझेदारी करके हम अत्यंत प्रसन्न हैं।”
इस अवसर पर अपने व्याख्यान में , पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी,श्री अशोक चंद्र ने कहा:
“पीएनबी क्वांटम एंड एआई फाइनेंस इनोवेशन हब हमारी प्रौद्योगिकी और नवाचार यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। आंध्र प्रदेश सरकार और अमरावती क्वांटम वैली के साथ हमारी साझेदारी के माध्यम से, हमारा उद्देश्य साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने, परिचालन दक्षता को बढ़ाने, ग्राहक अनुभव में सुधार करने और बैंक को डिजिटल बैंकिंग के भविष्य के लिए तैयार करने हेतु क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परिवर्तनकारी क्षमता का लाभ उठाना है।
यह हब अगली पीढ़ी की वित्तीय प्रौद्योगिकियों के अनुसंधान, नवाचार, व्यवसाय विकास और गति के लिए एक सहयोगात्मक मंच के रूप में कार्य करेगा। यह संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, उद्योग साझेदारियों, पायलट कार्यक्रमों, प्रौद्योगिकी प्रदर्शनों और नवाचार चुनौतियों को बढ़ावा देगा जो बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र के सामने आने वाली वास्तविक समस्याओं का समाधान करते हैं। यह हब समर्पित व्यवसाय विकास और गति कार्यक्रमों के माध्यम से स्टार्टअप्स का भी समर्थन करेगा, जिससे उद्यमियों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और नवाचारियों को वित्तीय संस्थानों के साथ मिलकर व्यावहारिक समाधानों को सह-विकसित, सत्यापित और बड़े पैमाने पर विस्तारित करने में मदद मिलेगी।”
यह पहल स्वदेशी प्रौद्योगिकी विकास, क्वांटम-सुरक्षित बैंकिंग और एआई-संचालित नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक सुरक्षित, लचीला और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के भारत के प्रयासों को पूरक बनाती है। यह अमरावती क्वांटम वैली को क्वांटम प्रौद्योगिकियों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए भारत के अग्रणी गंतव्य के रूप में स्थापित करने के आंध्र प्रदेश के दृष्टिकोण को भी सुदृढ़ करती है।
‘पीएनबी क्वांटम एंड एआई फाइनेंस इनोवेशन हब’ की स्थापना तेजी से विस्तार कर रहे अमरावती क्वांटम वैली पारिस्थितिकी तंत्र में एक और महत्वपूर्ण समावेश है। यह एक वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी नवाचार केंद्र बनाने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो अग्रणी संस्थानों को आकर्षित करता है, विश्व स्तरीय प्रतिभाओं को पोषित करता है, इन्क्यूबेशन और एक्सेलेरेशन के माध्यम से स्टार्टअप्स को सहायता प्रदान करता है, अत्याधुनिक अनुसंधान को संचालित करता है, उच्च मूल्य वाले रोजगार सृजित करता है और प्रौद्योगिकी आधारित आर्थिक विकास को गति देता है।”
*******


