नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9412807565,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
November 3, 2026

Suraj Kesari

No.1 Digital News Channel of India

जनपद में UIDAI का प्रथम आधार सेवा केंद्र प्रारंभ, नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलेंगी आधार संबंधी सभी प्रमुख सुविधाएं

1 min read

जनपद में UIDAI का प्रथम आधार सेवा केंद्र प्रारंभ, नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलेंगी आधार संबंधी सभी प्रमुख सुविधाएं

 

पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर विकसित अत्याधुनिक केंद्र में प्रतिदिन 600 आवेदनों के निस्तारण की क्षमता, सप्ताह के सातों दिन रहेगा संचालित।

_________________________

 

मुजफ्फरनगर 3 नवंबर 2026 जनपदवासियों को आधार कार्ड बनवाने एवं आधार संबंधी विभिन्न संशोधन और अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का जनपद मुजफ्फरनगर में प्रथम आधार सेवा केंद्र प्रारंभ हो गया है। केंद्र के संचालन से जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर सुलभ हो सकेंगी तथा इस कार्य के लिए विभिन्न केंद्रों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।

 

उक्त आधार सेवा केंद्र दीपक पैलेस, नानकी हॉस्पिटल के सामने, रुड़की रोड, मुजफ्फरनगर में स्थापित किया गया है। केंद्र को पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर आधुनिक तकनीक एवं व्यवस्थित कार्यप्रणाली के साथ विकसित किया गया है। यहां नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क सहित विभिन्न कार्यों के लिए पृथक कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है, जिससे आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुगम एवं व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

एक ही केंद्र पर उपलब्ध होंगी आधार संबंधी विभिन्न सेवाएं

 

आधार सेवा केंद्र पर नवीन आधार नामांकन के साथ-साथ पूर्व में जारी आधार कार्ड में विभिन्न प्रकार के अपडेट एवं संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इनमें नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, फोटो एवं बायोमेट्रिक विवरण से संबंधित संशोधन एवं अपडेट शामिल हैं। इससे नागरिकों को आधार संबंधी विभिन्न कार्यों के लिए एक ही स्थान पर सुविधा प्राप्त हो सकेगी।

 

प्रतिदिन 600 आवेदनों के निस्तारण की क्षमता

 

केंद्र को प्रतिदिन लगभग 600 आधार संबंधी आवेदनों के निस्तारण की क्षमता के अनुरूप विकसित किया गया है। आवेदकों की सुविधा एवं कार्यों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रत्येक कार्य हेतु अलग-अलग कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।

 

UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क ही देय

 

केंद्र पर आधार संबंधी सभी कार्य भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार किए जाएंगे। नागरिकों को निर्धारित शुल्क की जानकारी उपलब्ध कराने तथा शुल्क संबंधी पारदर्शिता बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।

 

सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगा केंद्र

 

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:30 बजे तक संचालित रहेगा। आधार संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक नागरिक UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं।

 

जनपद में आधार सेवा केंद्र के प्रारंभ होने से मुजफ्फरनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आधार संबंधी नामांकन एवं संशोधन कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर आधुनिक एवं सुव्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होगी। इससे नागरिकों के समय एवं श्रम की बचत के साथ-साथ आधार सेवाओं की सुलभता में भी वृद्धि होगी।

 

आधार सेवा केंद्र का पता: दीपक पैलेस, नानकी हॉस्पिटल के सामने, रुड़की रोड, मुजफ्फरनगर।

 

संचालन समय: प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:30 बजे तक।

 

संचालन दिवस: सप्ताह के सातों दिन।

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

Right Menu Icon