वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय द्वारा किया गया नवीनीकृत परिवार परामर्श केन्द्र का उद्घाटन,
1 min read
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय द्वारा किया गया नवीनीकृत परिवार परामर्श केन्द्र का उद्घाटन,।
मुजफ्फरनगर 16 अक्टूबर प्राप्त समाचार के अनुसार
मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में स्थित परिवार परामर्श केन्द्र का जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण पूर्ण होने के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री सूरज कुमार राय द्वारा उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ भी उपस्थित रहीं। परिवार परामर्श केन्द्र के नवीनीकरण की प्रक्रिया उनके निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें केन्द्र को अधिक व्यवस्थित, सुविधाजनक एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया गया। *नवीनीकरण कार्य में माइक्रोनेट आईटी एडुकेय़र सोसाइटी का महत्वूर्ण योगदान रहा।* इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ मिश्रा, महिला परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी लतेश वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
*परिवारों में संवाद, आपसी समझ एवं सौहार्द को बढ़ावा देने की पहल*
परिवार परामर्श केन्द्र मुजफ्फरनगर पुलिस की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जहां वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों से संबंधित मामलों में दंपत्तियों की काउंसलिंग तथा मध्यस्थता के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मतभेदों को संवाद, आपसी समझ एवं सहमति के आधार पर दूर कर परिवारों को पुनः सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने के लिए प्रेरित करना है।
केन्द्र के नवीनीकरण के अंतर्गत काउंसलरों के बैठने एवं परामर्श देने के स्थान को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। साथ ही परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी के कार्यालय का भी नवीनीकरण किया गया है। केन्द्र की दीवारों पर सकारात्मक संदेश देने वाली वॉल पेंटिंग भी कराई गई हैं, जिनके माध्यम से परिवार में प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान, एकता एवं साथ रहने के महत्व को प्रदर्शित किया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य केन्द्र में आने वाले दंपत्तियों को सहज वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें और समाधान की दिशा में आगे बढ़ सकें।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ-साथ वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों के समाधान हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार परामर्श केन्द्र का नवीनीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य विवादों के समाधान के साथ परिवारों में आपसी विश्वास, सामंजस्य एवं खुशहाली को बढ़ावा देना है।


