राशन डीलरों के हित में आगे आए मंत्री कपिल देव अग्रवाल
1 min read
*राशन डीलरों के हित में आगे आए मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कमीशन बढ़ाने की मांग*
*प्रदेश के हजारों राशन डीलरों को राहत दिलाने की पहल*
*मुज़फ्फरनगर, 8 जून। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं तक खाद्यान्न पहुंचाने वाले राशन डीलरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर उनके कमीशन में वृद्धि किए जाने की मांग की है।*
*मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उचित दर विक्रेता (राशन डीलर) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को प्रभावी और पारदर्शी बनाए रखने में राशन डीलरों का योगदान अत्यंत सराहनीय है।*
*उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि वर्तमान में राशन डीलरों को मात्र 90 पैसे प्रति किलोग्राम की दर से लाभांश प्राप्त हो रहा है, जो वर्तमान समय की बढ़ती महंगाई, परिवहन व्यय, दुकान संचालन लागत, डिजिटल व्यवस्थाओं के खर्च तथा पारिवारिक भरण-पोषण की आवश्यकताओं को देखते हुए अत्यंत अपर्याप्त है। इस कारण राशन डीलरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।*
*मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि राशन डीलरों के हितों की रक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से उनके कमीशन में यथोचित एवं संतुलित वृद्धि की जाए, जिससे यह वर्ग आर्थिक रूप से सशक्त हो सके और पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करता रहे।*
*उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के राशन डीलरों की समस्याओं एवं मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र ही उचित निर्णय लेंगे, जिससे प्रदेश के हजारों राशन विक्रेताओं को राहत मिलेगी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अधिक प्रभावी बन सकेगी।*


