बिजली विभाग के अधिकारियो को मंत्री कपिल देव ने किया तलब
1 min read
*बिजली विभाग के अधिकारियो को मंत्री कपिल देव ने किया तलब*
प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने आज अपनी विधानसभा क्षेत्र मुज़फ्फरनगर में जनता को हो रही बिजली आपूर्ति में अनियमितताओं और नगर क्षेत्र के अधूरे विकास कार्यों को लेकर गंभीर रुख अपनाते हुए लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर सम्बंधित अधिकारियो को बुलाकर कावड़ मार्ग पर निर्बाध विधुत आपूर्ति, जल निकासी, विधुत पोल आदि के लिए निर्देशित किया।
मंत्री कपिल देव ने बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनता को मूलभूत सुविधाएं देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। बिजली आपूर्ति में आ रही कटौती, ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे क्षेत्रवार समस्या चिन्हित कर समाधान की ठोस कार्य योजना प्रस्तुत करें और तय समयसीमा में सुधार सुनिश्चित करें।”
मंत्री जी ने नगर क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, और अन्य बुनियादी विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर भी चिंता जताई और विभागीय अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि “भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूर्ण रूप से संवेदनशील है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवनशैली प्रदान की जाए। यह तभी संभव है जब हम अफसरशाही में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करें।”
बैठक में स्थानीय नागरिकों की तरफ से प्राप्त विभिन्न शिकायतों और सुझावों को भी मंत्री जी ने संज्ञान में लिया और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि”सरकार की योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। हमारी प्रतिबद्धता ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र पर आधारित है।”
इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अभिषेक सिंह, अनिल कुमार राणा, विद्युत विभाग के प्रमुख अधिकारी चीफ इंजीनियर पवन अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता (SE), अवर अभियंता (JE) सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।


