मुज़फ्फरनगर कलक्ट्रेट में लगी आग का मॉक ड्रिल, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपदा प्रबंधन का हुआ प्रदर्शन
1 min read
मुज़फ्फरनगर कलक्ट्रेट में लगी आग का मॉक ड्रिल, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपदा प्रबंधन का हुआ प्रदर्शन
==================================
मुज़फ्फरनगर। 11 जून 2026 स्थानीय कलक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के कुशल निर्देशन में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा विभाग के बैनर तले व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में होने वाली संभावित जन-धन हानि को कम करने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर विभिन्न विभागों द्वारा रेस्क्यू और राहत कार्यों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह तथा सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और संयम बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने बताया कि सही समय पर सही निर्णय लेने से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
ड्रिल के दौरान इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की छत पर फंसे 2 लोगो को सुरक्षित निकालने का लाइव प्रदर्शन किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सीढ़ी के माध्यम से व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद घायल व्यक्ति को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इस प्रक्रिया के जरिए आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और बचाव कार्यों की तत्परता का भी परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित की जाती हैं ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति आने से पहले लोगों को मानसिक और व्यवहारिक रूप से तैयार किया जा सके। इससे विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ता है और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता में सुधार होता है।
कार्यक्रम में सिविल डिफेंस, पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड व आपदा मित्रो ने सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सरकारी कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और आपदा विभाग के ट्रेनर जैकी कुमार ने गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से बुझाने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही जानकारी और सतर्कता से कई बड़े हादसों को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में अग्निशमन अधिकारी आर.के. यादव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शमशेर आलम,आपदा एवं नागरिक सुरक्षा सहायक नासिर हुसैन, प्रवेश कुमार, गुलफाम अहमद व प्रिन्सी आदि का सहयोग रहा।


