तालमेल कमेटी एवं सहरावत खाप के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर युवा पीढ़ी को संवारेंगे प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी
1 min read
मुजफ्फरनगर। गांवों में आपसी भाईचारा बढ़ाने, छोटे-छोटे मामलों में पनपने वाले सामाजि द्वेष को खत्म करने और युवा पीढ़ी को कुरीतियों, बुराईयों से दूर करते हुए समाज और राष्ट्रहित में संवारने के लिए तालमेल कमेटी एवं सहरावत खाप के प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रीय सामाजिक संस्था ने भी कदम आगे बढ़ाने की तैयारी की है। इसमें संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी तालमेल कमेटी एवं सहरावत खाप के प्रतिनिधियों के साथ इस सामाजिक मुहिम में कंधे से कंधा मिलाकर गांव-गांव जाकर बुजुर्गों के सहारे युवाओं को साधने का काम करेंगे।
धर्म और जाति के आधार पर छोटे छोटे मामलों में द्वेषपूर्ण वातावरण से ग्रामीण अंचलों को दूर करने के लिए तालमेल कमेटी ने दूसरे सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर एक मुहिम शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए नगर पंचायत भोकरहेडी में एक मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी, भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के ब्लॉक अध्यक्ष अंकित जवाला को भी आमंत्रित किया गया। इनके द्वारा तालमेल कमेटी और सहरावत खाप के प्रतिनिधियों से वहां शिष्टाचार भेंट करते हुए वर्तमान में सामाजिक मुद्दों को लेकर चर्चा की।
राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी ने इस दौरान भरोसा दिलाया कि भविष्य में समाजसेवी टीम के साथ मिलकर क्षेत्र के हर एक गांव में जा जाकर सम्मानित अनुभवशील बुजुर्गों के अनुभव द्वारा जाति धर्म और राजनीति से हटकर हर समाज के लोगों के बीच भाईचारे का संदेश फैलाने का काम किया जायेगा। उन्होंने तालमेल कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस देश के नई पीढ़ी के युवाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज इसी बात की आवश्यकता है कि सभी धर्म के लोग एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और यही संदेश लेकर हम युवाओं के बीच गांव-गांव जायेंगे। उन्होंने युवाओं से भी किसी के भी प्रति जाति और धर्म के आधार पर गलत बयानबाजी नहीं करने की अपील की।
सहरावत खाप के प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि युवाओं को गांव-गांव जाकर राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान के लिए प्रेरित करने का विचार प्रशंसनीय है, इससे सामाजिक कुरीतियों पर भी लगाम लगेगी। तालमेल कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष श्रीवीर मास्टर जी ने कहा कि यह कदम उठाने का हमारा उद्देश्य यही है कि जाति और धर्म के साथ ही मामूली बातों पर भी गांवों में आपसी तनाव और द्वेष के जो मामले सामने आ रहे हैं, उनको खत्म किया जाये। समाज को जोड़ा जाये और इसमें युवा पीढ़ी ही बड़ी भूमिका निभा सकती है। इसलिए उनको जागरुकर करने का काम हम कर रहे हैं। इस दौरान सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी के मासिक सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं के साथ ही सर्वसमाज में एक राष्ट्रवाद की भावना जागृत हो रही है। उन्होंने प्रत्येक गांव में यह आयोजन करने की अपेक्षा मनीष चौधरी से की। इस अवसर पर सहरावत खाप उप प्रधान व प्रदेश प्रवक्ता चौधरी संजीव सिंह सहरावत, तालमेल कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष श्रीवीर मास्टर जी, अश्विन सहरावत, अंकित सहरावत, राजीव सहरावत, अशोक, घनश्याम, सहित अन्य जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।

