जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक संपन्न
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक संपन्न
मुजफ्फरनगर 27 जनवरी प्राप्त समाचार के अनुसार फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का संचालन फेडरेशन के सचिव श्री अभिषेक अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में फेडरेशन के अध्यक्ष श्री नीलकमल पुरी ने बुके भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
इसके पश्चात बैठक की आगे की कार्रवाई हेतु जिला उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त श्री आशीष कुमार को कार्यभार सौंपा गया। सहायक आयुक्त द्वारा एजेंडे के बिंदुओं को पढ़कर सभी समस्याओं से जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी महोदय ने उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि उद्यमियों के किसी भी प्रकरण का निस्तारण युद्धस्तर पर किया जाना चाहिए, ताकि औद्योगिक इकाइयाँ सुचारू रूप से संचालित रह सकें।
बैठक में विद्युत विभाग से संबंधित प्रकरणों की संख्या अधिक रही। इस संबंध में जिलाधिकारी महोदय ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, एसडीओ एवं अन्य अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि उद्यमियों का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए।
भोपा रोड स्थित स्वास्तिक पेस्टिसाइड इकाई द्वारा अवगत कराया गया कि उनके बिजली बिलों में अनुचित रूप से सरचार्ज लगाया जा रहा है। इस विषय में कई बार पत्राचार किए जाने के बावजूद कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, जिससे इकाई को लगभग ₹70,000 प्रति माह का नुकसान हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी महोदय ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, कुछ इकाइयों के जीएसटी रिफंड लंबित होने का मामला भी सामने आया, जिस पर जिलाधिकारी महोदय ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले के पर्यावरण और वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने हेतु निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उद्योग बंधु बैठक के पश्चात श्रम बंधु बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फेडरेशन की ओर से मुख्य रूप से उपाध्यक्ष श्री अश्वनी मित्तल, उपाध्यक्ष श्री राकेश जैन, पूर्व अध्यक्ष श्री अंकुर गर्ग, श्री अरविंद गुप्ता, श्री राजेश जैन, श्री आशीष गर्ग उपस्थित रहे।
स्वास्तिक पेस्टिसाइड से श्री रविंदर सिंघल, लघु उद्योग भारती से श्री राजेश जैन, आईआईए की ओर से श्री राजशाह सहित अन्य उद्यमी भी बैठक में मौजूद रहे।


