मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सीएचसी जानसठ का
1 min read
*मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सीएचसी जानसठ का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश*
*मुजफ्फरनगर, 6 जुलाई 2026* जनपद मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, औषधि भंडारण कक्ष, ओपीडी, लेबर रूम तथा बीपीएमयू (ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट) का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाओं की उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित की जाए तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, लेबर रूम में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को पूरी तत्परता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बीपीएमयू का निरीक्षण करते हुए विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा अभिलेखों का अद्यतन एवं सुव्यवस्थित संधारण रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अर्जुन सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य केंद्र पर संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया, जिससे जनपदवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


