मुज़फ्फरनगर को “स्मार्ट सिटी” बनाने हेतु म0 मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवश्यक दिशा निर्देश
1 min read
*मुज़फ्फरनगर को “स्मार्ट सिटी” बनाने हेतु म0 मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवश्यक दिशा निर्देश*
___________________________
मुजफ्फरनगर 19 मई 2026 विकास भवन, मुज़फ्फरनगर में माननीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास और उधमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार श्री कपिल देव अग्रवाल ने नगर के समग्र एवंसुनियोजित विकास के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका परिषद के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों—रामपुरी, कृष्णपुरी, नई मंडी, जसवंतपुरी, रामलीला टिल्ला आदि में जलनिकासी (Drainage) की समस्या पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए मंत्री जी ने नालों की नियमित सफाई, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ निर्माण के माध्यम से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
इसके साथ ही निम्न बिंदुओं पर भी विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए—नालों की व्यापक सफाई अभियान चलाकर जलनिकासी व्यवस्था को सुचारू बनाना
सड़कों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करना
मुख्य चौराहों का सौंदर्यीकरण कर शहर की सुंदरता एवं व्यवस्थित स्वरूप को बढ़ाना
स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना एवं कूड़ा निस्तारण की प्रभावी प्रणाली लागू करना
स्मार्ट तकनीकों के माध्यम से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाना
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया।
माननीय मंत्री कपिल अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति की निगरानी की जाएगी।
अंत में मा0 मंत्री कपिल देव ने कहा कि मुज़फ्फरनगर को एक स्वच्छ, आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी विभागों को पूर्ण प्रतिबद्धता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना होगा।


