राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन ।
1 min read
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन ।
मुजफ्फरनगर 29 अगस्त प्राप्त समाचार के अनुसार*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों व छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, आगामी प्रतियोगिताओं के लिए दी शुभकामनाएं ।*
हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद मुजफ्फरनगर में “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” विषय के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बॉडीबिल्डिंग, शूटिंग, खो-खो एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
*उत्तर प्रदेश पुलिस व मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार के बॉडीबिल्डिंग खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन*
कार्यक्रम का शुभारम्भ रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस की उस टीम द्वारा बॉडीबिल्डिंग प्रदर्शन से किया गया, जो राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले पुलिस बॉडीबिल्डिंग इवेंट में प्रतिभाग करेगी। उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न जनपदों से आये जवानों एवं मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा शानदार बॉडीबिल्डिंग प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन का परिचय दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा कोच, रेफरी, पुलिस अधिकारीगण, मिस्टर इंडिया एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा अपने संबोधन में कहा कि—
“खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता को मजबूत करता है। पुलिस बल के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारे जवानों द्वारा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गर्व की बात है। आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प को साकार करें।” इसके साथ ही महोदय द्वारा सभी खिलाडियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गयी।
*पुलिस मॉडर्न स्कूल में हुई शूटिंग, खो-खो एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं*
इसके पश्चात पुलिस मॉडर्न स्कूल मुजफ्फरनगर की शूटिंग रेंज में शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों द्वारा खो-खो एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि—
“खेल जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना का विकास करते हैं। जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर प्रयास करते रहना ही वास्तविक सफलता है। आप सभी मन लगाकर पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ें और अपने विद्यालय, परिवार एवं जनपद का नाम रोशन करें। आज के खिलाड़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य पुलिस बल एवं विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक दक्षता, अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री सिद्धार्थ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी श्री राजू कुमार साव सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल के शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


