पाठकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी मणिकर्णिका-अजीत दुबे
1 min read
पाठकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी मणिकर्णिका-अजीत दुबे
-डा. जयति ओझा द्वारा रचित काव्य ग्रंथ का समारोह पूर्वक हुआ लोकार्पण
-काव्य संध्या में देश के दिग्गज कवियों ने प्रस्तुत की प्रतिनिधि रचनाएँ
नई दिल्ली। कांस्टीट्यूशन क्लब स्थित डिप्टी स्पीकर हाल में देवारण्य फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रख्यात कवयित्री डा. जयति ओझा द्वारा रचित पुस्तक मणिकर्णिका का लोकार्पण विविध आयोजनों के साथ किया गया। इस अवसर पर सुविख्यात शायरों और कवियों ने काव्य पाठ कर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भोजपुरी मैथिली अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष अजीत दुबे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान मणिकर्णिका की रचयिता डा. जयति ओझा ने स्वागत भाषण करते हुए कहा कि कविता और साहित्य समाज में संस्कृति तथा सभ्यता का संरक्षण करती है। रचनाकार अपनी भावनाओं को शब्द रूप देता है जिसमें लोक मंगल छिपा होता है। काशी को केन्द्र में रखकर इस काव्य ग्रन्थ में अनेक विविधतापूर्ण रचनाएँ संकलित की गई हैं। इसकी सार्थकता तभी होगी जब आम पाठक इसमें स्वयं को तलाशने का प्रयास करेंगे।
मुख्य अतिथि श्री दुबे ने कहा कि डा. जयति की रचनाओं में आम जनमानस की भावनाओं और खास तौर पर महिलाओं की आंतरिक भावनाओं का दर्शन होता है। रचनाकार की कृति तभी सार्थक मानी जाती है जब वह लोकार्पित होकर आम जन के मन में स्थान बनाने में कामयाबी हासिल करती है। यह कृति साहित्य साधकों और पाठकों के मन को रस से सराबोर करने में सफल होगी ऐसा विश्वास है।
आकाशवाणी दिल्ली की पूर्व सहायक निदेशक ललिता चतुर्वेदी तथा डा. राजश्री बनर्जी ने इस मौक़े पर मणिकर्णिका की रचनाओं को नारी हृदय और स्त्री चेतना के प्रति समर्पण बताया।
इस अवसर पर आयोजित काव्य संध्या में मशहूर शायर अज़हर इक़बाल, सीमा नयन, इम्तियाज़ ख़ान, अहमद अज़ीम तथा राहुल कुंभकार ने शिरकत किया। वंदना गीत प्रो. आनंद सक्सेना तथा स्वागत गीत बाल कलाकार कुहू और पिहू ने प्रस्तुत किया।
संचालन करते हुए संयोजक और फाउंडेशन के सचिव सिद्धार्थ मणि त्रिपाठी व निशांत केतु ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता त्रिपुरारी तिवारी, अरविन्द दुबे, प्रकाशक केशव मोहन पांडेय, साहित्यकार जेपी द्विवेदी, केडी पाठक, संदीप मिश्र, जेपी ओझा, अनीता शर्मा, मोहन दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


