नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9412807565,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
August 5, 2026

Suraj Kesari

No.1 Digital News Channel of India

कोलकाता मेट्रो का नया अध्याय: 9 लाख से अधिक यात्री करेंगे हर दिन सफर

1 min read

कोलकाता मेट्रो का नया अध्याय: 9 लाख से अधिक यात्री करेंगे हर दिन सफर: रेल मंत्री बोले दीपावली और छठ पर चलेंगी 12 000 स्पेशल ट्रेन

गोरखपुर 21 अगस्त,2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आधारभूत संरचना में युगांतरकारी बदलाव हुए हैं। ऐसा ही बदलाव कोलकाता मेट्रो में भी हुआ है जहां प्रतिदिन 9 लाख से अधिक यात्रियों के सफर के लिए रेलवे नेटवर्क को विस्तृत किया गया है।
वस्तुत: भारत में मेट्रो सेवा की नींव रखने वाला शहर कोलकाता अब मेट्रो नेटवर्क के मामले में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। अब हर दिन कोलकाता मेट्रो से करीब 9.15 लाख यात्री सफर कर सकेंगे। इस बदलाव की बुनियाद बनी है 3 मेट्रो सेक्शन की 366 नई मेट्रो ट्रेन सेवाएँ जो यात्रियों को तेज़ और नियमित सेवा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोलकाता मेट्रो की ग्रीन लाइन पर 2.45 किलोमीटर लंबी एस्प्लानेड–सियालदह मेट्रो सेक्शन, येलो लाइन पर 6.77 किलोमीटर लंबी नोआपाड़ा–जय हिंद विमानबंदर मेट्रो सेक्शन और ऑरेंज लाइन पर 4.4 किलोमीटर लंबी हेमंत मुखोपाध्याय–बेलेघाटा मेट्रो सेक्शन का उद्घाटन करेंगे और तीनों ही लाइनों पर 3 मेट्रो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
366 नई मेट्रो सेवाओं का सबसे बड़ा लाभ ग्रीन लाइन के यात्रियों को होगा। जिसपर सेवाओं की संख्या बढ़कर 186 हो गई है। साथ ही, ऑरेंज लाइन पर अब 60 सेवाएँ और येलो लाइन पर 120 सेवाएँ यात्रियों की राह आसान बनाएंगी। नई सेवाओं से अधिक ट्रेनों की उपलब्धता बढ़ेगी, इंतज़ार का समय घटेगा और भीड़-भाड़ से राहत मिलेगी।
ग्रीन लाइन – एस्प्लानेड से सियालदह (2.45 किमी)। यह सेक्शन शहर के लिए सबसे बड़ी राहत लेकर आया है। अभी हावड़ा और सियालदह जैसे दो बड़े रेलवे टर्मिनलों के बीच पहुँचने में सड़क से 40–45 मिनट तक लगते हैं। अब मेट्रो से यह सफर सिर्फ़ 11 मिनट में पूरा होगा। रोज़ाना लाखों यात्रियों के लिए यह समय बचत किसी वरदान से कम नहीं होगी।
दूसरी बड़ी उपलब्धि है येलो लाइन – नोआपाड़ा से जय हिंद विमानबंदर (6.77 किमी)। अब एयरपोर्ट तक पहुँचने के लिए सड़क से यात्रा करने वालों को नया विकल्प मिलेगा। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्री, एयरलाइन स्टाफ और एयरपोर्ट कर्मचारी सब तेज़, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव करेंगे। दमदम कैंटोनमेंट से इंटरचेंज सुविधा मिलने से पूरे शहर और प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक सीधा कनेक्शन भी आसान हो जाएगा। एस्प्लानेड से एयरपोर्ट तक अब यह दूरी सिर्फ़ 30 मिनट में पूरी होगी।
तीसरी कड़ी है ऑरेंज लाइन – हेमंत मुखोपाध्याय से बेलेघाटा (4.4 किमी)। यह विस्तार साइंस सिटी, बड़े अस्पतालों, स्कूलों और व्यावसायिक केंद्रों को जोड़ेगा। यात्रियों की संख्या यहाँ दोगुनी होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि बेलेघाटा से कवि सुभाष तक की यात्रा भी अब सिर्फ़ 32 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे दक्षिण कोलकाता और पूर्वी कोलकाता के बीच सफर बेहद आसान हो जाएगा।
इन नई मेट्रो लाइनों से न सिर्फ़ कोलकाता बल्कि उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना के यात्रियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। जिस दूरी को तय करने में पहले घंटों लग जाते थे, अब वही सफर कुछ ही मिनटों में पूरा होगा। शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुँचना अब पहले से कहीं अधिक सहज और तेज़ हो जाएगा।
………..….
*दीपावली एवं छठ पर 12 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेनें : रेल मंत्री*

*बिहार से चलेगी चार और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें : अश्विनी वैष्णव*

*पूर्णिया से पटना के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस : अश्विनी वैष्णव*

दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेल ने 12 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन में प्रेस से बातचीत करते हुए कहा है कि बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद डॉ. संजय जायसवाल एवं केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और सांसद संजय कुमार झा से चर्चा के बाद यह तय किया गया है कि आगामी दिपावली और छठ दो बड़े त्योहारों पर लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही ये भी ध्यान रखा जाए कि हमारे यात्रियों को रिटर्न जर्नी में भी सुविधा हो।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद तय हुआ कि आगामी दीपावली और छठ के लिए 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं। साथ ही साथ यह भी ध्यान रखा जाए और हमारे यात्रियों को रिटर्न जर्नी में सुविधा मिले।

उन्होंने कहा कि जो यात्री 13 से 26 अक्टूबर के बीच में ऑनवार्ड जर्नी करेंगे और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच में रिटर्न यात्रा करेंगे, उन्हें रिटर्न जर्नी पर 20% डिस्काउंट की सुविधा का लाभ मिलेगा। यह प्रयोग इस फेस्टिवल सीजन में किया जाएगा। इससे बहुत लोगों को फायदा मिलेगा।

इसके अलावा चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें- गया जी से दिल्ली, सहरसा से अमृतसर, छपरा से दिल्ली और मुजफ्फरपुर से हैदराबाद शुरू की जाएंगी। इसके अलावा भगवान बुद्ध के विशेष स्थानों को जोड़ते हुए और हमारे मिडिल क्लास परिवारों के लिए एक नई सर्किट गाड़ी चालू होगी, जो कि वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, राजगीर, गया जी, कोडरमा इस पूरे सर्किट को कवर करेगी।

इसके अलावा, बक्सर से लखीसराय रेल खंड को चार लाइनों वाला किया जाएगा जिससे कि ज्यादा से ज्यादा गाड़ियां चल सकें। पटना के चारों ओर रिंग रेलवे की व्यवस्था की जाएगी। सुल्तानगंज और देवघर को जोड़ा जाएगा। पटना से अयोध्या के लिए नई गाड़ी चलाई जाएगी। लौकहा बाजार में वाशिंग पिट की व्यवस्था और बिहार में कई नए रोड ओवरब्रिज मंजूर हुए हैं, उन पर भी काम किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल और सांसद संजय झा ने बिहार के लिए अधिक परियोजनाओं की स्वीकृति एवं अमृत भारत तथा वंदे भारत सहित कई नई ट्रेनों के संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
………..

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

Right Menu Icon