संभावित बाढ की तैयारियों की हुई समीक्षा
1 min read
*संभावित बाढ की तैयारियों की हुई समीक्षा*
*बारिश से पहले ही सभी नालों व नालियों की होगी सफाई, दिये गये कडे निर्देश*
*सभी तटबन्धों के निरीक्षण की जिम्मेदारी ड्रेनेज़ खंड को, सडके बनवायेगी पी. डब्लू.डी*
मुजफ्फरनगर- वर्षा ऋतु से पूर्व ही संभावित बाढ की तैयारियों की समीक्षा के लिये जनपद स्तर पर गठित बाढ स्टेयरिंग ग्रुप की बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गयी, जिसमें जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण व अपर जिलाधिकारी वित्त गजेन्द्र कुमार ने बाढ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ चौकियों, आश्रय स्थलों, बन्धों एवं बाढ के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गयी। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि जनपद के चारो तहसीलो के उप जिलाधिकारी की जिम्मेदारी होगी कि वें अपने-अपने तहसीलो मे बाढ़ से पूर्व तैयारी के दृष्टिगत किये जा रहे प्रबन्धो एवं आवश्यक व्यवस्थाओ का स्थलीय निरीक्षण समयान्तर्गत कर लें। नगर पालिका/नगर पंचायत एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के नालों व नालियों की सफाई का महत्वपूर्ण कार्य समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया जिससे सम्भावित बाढ़ के दौरान जलप्लावन की स्थिति न बने। इसकी समीक्षा अलग से की जायेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बाढ़ के दौरान किसी भी संक्रामक बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक और जीवन रक्षक दवाओ की उपलब्धता सुनिश्चित रखे जाने का निर्देश दिया। ड्रेनेज़ खण्ड को सम्पूर्ण तैयारी रखने एवं जनपद मे बने समस्त तटबंधो का निरीक्षण करने हेतु निर्देश दिये गये। उन्होनें कहा कि बाढ़ आते ही राहत सामग्री वितरित की जाये, इस कार्य मे किसी की प्रकार की शिथिलता न की जाये। अधिशासी अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है कि सम्भावित बाढ क्षेत्र में आने वाली सडकों आदि का भी प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाये । अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गजेन्द्र कुमार द्वारा सभी विभागो को बाढ़ एवं सूखा आपदा प्रबन्धन योजना बनाये जाने का निर्देश दिया गया। समस्त उप जिलाधिकारी को यह निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रान्तगर्त नाव-नाविक व गोताखोरों को सूचीबद्ध किया जाये तथा अस्थाई पम्पिंग सेट की सूची तैयार कर ली जाये। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को यह निर्देश दिया कि जिस तरह जनधन हानि के लिए हम तैयारी कर रहे है उसी तरह पशुओ की देखभाल हेतु समुचित तैयारी कर लिया जाये जैसे बाढ़ प्रभावित ग्रामो मे पशुओे के लिए वैक्सिनेशन का कार्य, चारे की व्यवस्था एवं आदि। शिक्षा विभाग के स्कूलो मे जा कर बच्चो को बाढ़, भूकम्प, आग आदि आपदाओ के दौरान क्या करे, क्या ना करे के बारे मे विस्तार से बताया जाये, जिससे कि बच्चे किसी भी आपदा से भयभीत न हो एवं अपना बचाव कर सके। बैठक मे तहसीलदार जानसठ सतीश बधेल, तहसीलदार खतौली श्रद्धा गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा0 जितेन्द्र गुप्ता, एन0डी0आर0एफ इंस्पेक्टर रश्मि, परिवहन अधिकारी इरशाद अली, सहायक श्रमायुक्त देवेश सिंह, खण्ड विकास अधिकारी खतौली विशाखा, खण्ड विकास अधिकारी बघरा प्रवीण कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बुढाना सतीश कुमार, नगर शिक्षा अधिकारी अमरवीर सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत पुरकाजी मनीष कुमार वर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी विशाल कुमार एवं राहत सहायक नासिर हुसैन व मास्टर ट्रेनर विवेक गोयल आदि उपस्थित रहे।


