एक राष्ट्र – एक चुनाव” विषय पर जनप्रतिनिधि गोष्ठी का सफल
1 min read
*”एक राष्ट्र – एक चुनाव” विषय पर जनप्रतिनिधि गोष्ठी का सफल आयोजन*
*लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ – श्रीचंद शर्मा*
*एक राष्ट्र-एक चुनाव भारत माता के भविष्य का विचार- मंत्री कपिल देव*
मुजफ्फरनगर 29 अप्रैल। मुज़फ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र की गांधी कॉलोनी स्थित गांधी वाटिका में आज “एक राष्ट्र – एक चुनाव” विषय पर एक विचारमंथनात्मक जनप्रतिनिधि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सम्माननीय सदस्य श्री श्रीचंद शर्मा जी ने सहभागिता की और अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम संयोजक नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार मे स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल रहे।
श्री शर्मा जी ने “एक राष्ट्र – एक चुनाव” की संकल्पना पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए इसके संवैधानिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक पहलुओं की गहन व्याख्या की। उन्होंने बताया कि यह पहल देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
उन्होंने तर्कसंगत रूप से बताया कि यदि लोकसभा और सभी विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए जाएं, तो इससे समय, संसाधन एवं धन की भारी बचत होगी। साथ ही, शासन व्यवस्था पर चुनावी आचार संहिता के बार-बार लागू होने से उत्पन्न अवरोधों को भी रोका जा सकेगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय महत्व के इस विषय पर समाज के प्रबुद्ध वर्ग, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों के मध्य संवाद स्थापित कर एक व्यापक सहमति की दिशा में सार्थक विचार-विमर्श करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सभासद रहे श्रीपाल शर्मा ने क़ी तथा विचार गोष्ठी में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, युवा नेताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विषय से संबंधित अपने विचार साझा किए।
सभी प्रतिभागियों ने एकमत से कहा कि “एक राष्ट्र – एक चुनाव” की संकल्पना भारत को राजनीतिक स्थायित्व, समावेशी विकास एवं सुशासन की दिशा में सशक्त बना सकती है, बशर्ते इसकी व्यवहारिक चुनौतियों का समुचित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री कपिल देव ने कहा कि “जब देश एक है, संविधान एक है, तिरंगा एक है—तो चुनाव क्यों अलग-अलग हों? एक साथ चुनाव सिर्फ एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एकता का उत्सव बन सकता है।” उन्होंने कहा कि— “यह विचार एक नेता का नहीं, एक सरकार का नहीं—यह विचार भारत माता के भविष्य का है। उन्होंने इस विचार को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला उपाध्यक्ष संजय गर्ग, जिला मंत्री शरद शर्मा, अभिषेक गुर्जर, चेयरमैन रामनाथ ठाकुर, मंडल अध्यक्ष अमित शास्त्री, दीपक मित्तल, प्रवीण खेड़ा, नंद किशोर पाल, सभासद रजत धीमान, नवनीत गुप्ता, प्रशांत गौतम, योगेश मित्तल, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, प्रशांत चौधरी, गांधी कॉलोनी हाउसिंग सोसाइटी अध्यक्ष पवन छाबड़ा, ओमप्रकाश अरोरा, सुरेंद्र नगर हाउसिंग से विशाल गर्ग, श्रीपाल पुंडीर, गांधी नगर हाउसिंग सोसाइटी अध्यक्ष उषा गुप्ता, पवित्रा गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, जैन मिलन सोसाइटी से योगेन्द्र जैन एडवोकेट सहित नगर क्षेत्र के सभी सभासद, समस्त ग्राम प्रधान एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


