नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9412807565,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
July 22, 2026

Suraj Kesari

No.1 Digital News Channel of India

‘प्रगतिशील सद्भावना मंच’ ने किया बड़े गठबंधन का ऐलान

1 min read

‘प्रगतिशील सद्भावना मंच’ ने किया बड़े गठबंधन का ऐलान
—मुजफ्फरनगर 22 जुलाई प्राप्त समाचार के अनुसार अति पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम समाज और वंचित वर्गों को एक मंच पर लाने का दावा; तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी
—शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सस्ता न्याय और 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा, मुजफ्फरनगर से चुनावी अभियान का आगाज
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 से पहले जनपद मुजफ्फरनगर में एक नए राजनीतिक गठबंधन ‘प्रगतिशील सद्भावना मंच’ ने अपनी चुनावी रणनीति का औपचारिक ऐलान कर दिया है। मंच ने प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी विचारधारा, उद्देश्य, चुनावी घोषणाएं और प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। मंच का दावा है कि यह गठबंधन अति पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम समाज और अन्य वंचित वर्गों को राजनीतिक रूप से मजबूत करने तथा उन्हें उनकी भागीदारी दिलाने के उद्देश्य से बनाया गया है।
रुड़की रोड स्थित एक होटल में मीडिया सेंटर के पत्रकारों से वार्ता करते हुए ‘प्रगतिशील सद्भावना मंच’ के प्राधिकारियों ने कहा कि देश की आजादी के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ने गरीब, पिछड़े और वंचित समाज के विकास के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज भी इन वर्गों को अपेक्षित सम्मान और राजनीतिक भागीदारी नहीं मिल सकी। मंच का आरोप है कि वर्षों से धर्म और जाति की राजनीति के नाम पर समाज को बांटने का काम किया गया, जबकि विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मूल मुद्दे पीछे छूट गए।
अति पिछड़ा वर्ग और मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी पर जोर
प्रगतिशील सद्भावना मंच ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अति पिछड़ा वर्ग और मुस्लिम समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उन्हें उनकी संख्या के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला। मंच का कहना है कि अब दोनों समाज विकास और सम्मानजनक हिस्सेदारी के आधार पर एकजुट होने का मन बना चुके हैं। इसी उद्देश्य से विभिन्न राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाकर यह गठबंधन तैयार किया गया है।
गठबंधन के प्रमुख पदाधिकारी और उनके विचार
राव नदीम एडवोकेट राष्ट्रीय अध्यक्ष ऑल इंडिया आवाम-ए-हिंद पार्टी एवं बुढ़ाना विधानसभा प्रत्याशी वर्जन: “प्रगतिशील सद्भावना मंच सामाजिक न्याय, भाईचारे और संविधान की मूल भावना पर आधारित गठबंधन है। हमारा उद्देश्य अति पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम समाज और सभी वंचित वर्गों को राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाना है। वर्ष 2027 में जनता बदलाव का इतिहास लिखेगी।”
सुक्रमपाल कश्यप राष्ट्रीय अध्यक्ष मज़दूर किसान यूनियन पार्टी एवं चरथावल विधानसभा प्रत्याशी ने कहा कि “अति पिछड़ा वर्ग वर्षों से अपने अधिकारों और हिस्सेदारी के लिए संघर्ष कर रहा है। हमारा गठबंधन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
देवेंद्र सिंह गुर्जर राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय जनता दल ने कहा कि “हम जाति और धर्म की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक समानता की राजनीति को आगे बढ़ाएंगे। सभी वर्गों को साथ लेकर प्रदेश का विकास करना हमारा लक्ष्य है।”
बाबूराम पाल राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय उदय पार्टी ने कहा कि “सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। संविधान के अनुरूप सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान मिलेगा।”
करतार सिंह कश्यप राष्ट्रीय अध्यक्ष महर्षि कश्यप भारतीय समाज पार्टी एवं बिजनौर सदर विधानसभा प्रत्याशी ने कहा कि “प्रगतिशील सद्भावना मंच प्रदेश में नई राजनीतिक सोच लेकर आया है। हमारा गठबंधन सामाजिक न्याय, राजनीतिक हिस्सेदारी और विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगा और मजबूत विकल्प बनेगा।”
संजीव पाल गठबंधन के वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि “सद्भावना मंच समाज में भाईचारा, सामाजिक समरसता और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए कार्य करेगा। हमारा लक्ष्य सभी वर्गों को साथ लेकर प्रदेश के विकास की नई दिशा तय करना है।”
2027 चुनाव में मजबूत दावेदारी का दावा
मंच के नेताओं ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगा। प्रेस नोट में कहा गया कि जनता अब बदलाव चाहती है और सामाजिक न्याय, समान भागीदारी तथा संविधान आधारित शासन की राजनीति को समर्थन देगी।
सरकार बनने पर किए कई बड़े वादे
गठबंधन ने सरकार बनने पर कई जनहितकारी योजनाओं को लागू करने का दावा किया है। इनमें प्रमुख रूप से संविधान के अनुरूप शासन व्यवस्था, सभी धर्मों का समान सम्मान, शिक्षा को सस्ती, सुलभ और समान बनाना, सरकारी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, सभी जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराना, न्याय व्यवस्था को सस्ता, सरल और शीघ्र बनाना, घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना।
तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा
प्रगतिशील सद्भावना मंच ने अपनी पहली सूची जारी करते हुए तीन विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा की जिसमें बुढ़ाना विधानसभा से राव नदीम एडवोकेट, चरथावल विधानसभा से सुक्रमपाल कश्यप, बिजनौर सदर विधानसभा से करतार सिंह कश्यप शामिल है। मंच के नेताओं ने दावा किया कि जनता परिवर्तन चाहती है और उनकी पहली सूची के सभी प्रत्याशियों को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
जनता से समर्थन की अपील
प्रेस वार्ता के अंत में मंच के पदाधिकारियों ने प्रदेशवासियों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास, सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

Right Menu Icon