नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9412807565,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
July 22, 2026

Suraj Kesari

No.1 Digital News Channel of India

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर मण्डलायुक्त डॉ.रूपेश कुमार ने की

1 min read

*कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर मण्डलायुक्त डॉ.रूपेश कुमार ने की मंडलीय समीक्षा बैठक*
सहारनपुर 22 जुलाई प्राप्त समाचार के अनुसार
*श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश*

*कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, स्वास्थय सेवाएं, पेयजल, यातायात एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियां हर स्तर पर रहें सुदृढ़*

*जीरो इन्सीडेंट एवं जीरो एक्सीडेंट की तर्ज पर हो कांवड यात्रा – मण्डलायुक्त*

*कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर रहेगी पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती – डीआईजी*
मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अभिषेक सिंह की उपस्थिति में सर्किट हाउस सभागार में कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं निर्विघ्न संचालन के दृष्टिगत मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली जनपदों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त सहित मंडल एवं जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मण्डलायुक्त ने कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
स्वच्छता एवं शौचालय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर स्थापित सभी अस्थायी एवं स्थायी शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कहीं भी गंदगी की स्थिति न रहने पाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाए और पूरे यात्रा काल में स्वच्छता व्यवस्था की सतत निगरानी रखी जाए। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों, प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील अवस्था में रहें। संबंधित विभाग नियमित रूप से कैमरों की कार्यशीलता की जांच करें तथा कंट्रोल रूम से सतत निगरानी सुनिश्चित करें।
प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों, शिविर स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा एक सप्ताह के भीतर सभी अधूरे कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे रात्रिकालीन आवागमन में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भोजन एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर संचालित होने वाले सभी भोजनालयों एवं भंडारों का पंजीकरण, खाद्य गुणवत्ता एवं निर्धारित दरों की नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार रेट लिस्ट भी प्रदर्शित कराई जाए। स्वास्थय विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी निर्धारित स्थलों पर स्वास्थय शिविर स्थापित किए जाएं तथा प्रत्येक शिविर में प्रशिक्षित चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था रहे। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थय शिविरों में आवश्यक जीवनरक्षक औषधियां, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं आपातकालीन चिकित्सा उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति का तत्काल प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
परिवहन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात संचालन के लिए पूर्व निर्धारित कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं यातायात नियंत्रण संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा आमजन एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील स्थलों एवं शिविरों पर अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें तथा उनकी कार्यशीलता की भी जांच कर ली जाए। अग्निशमन विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए। बैठक में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल देते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्लास्टिक मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा श्रद्धालुओं एवं शिविर संचालकों को पर्यावरण अनुकूल (ईको-फ्रेंडली) सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। जलभराव एवं आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में त्वरित प्रतिक्रिया दल (रिस्पांस टीम) चौबीसों घंटे सक्रिय रहे तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल अवश्य आयोजित कराई जाए। नेशनल हाईव पर सभी व्यवस्थाएं एनएचएआई द्वारा कराई जाए। यातायात में कोई समस्या न हो तथा संकेतक भी लगवाए जाएं।
पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अभिषेक सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यातायात प्रबंधन, सोशल मीडिया निगरानी, त्वरित पुलिस रिस्पांस तथा सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर द्वारा जनपद में कांवड़ यात्रा-2026 के लिए की जा चुकी एवं प्रगति पर चल रही तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। वहीं जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर एवं जिलाधिकारी शामली सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने जनपदों में की गई तैयारियों एवं कार्ययोजना से मण्डलायुक्त को अवगत कराया।
बैठक में जिलाधिकारी सहारनपुर श्री अरविंद कुमार चौहान, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर श्री उमेश कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी शामली श्री आलोक कुमार यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर श्री अभिनंदन, मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर श्री सुमित राजेश महाजन, मुख्य विकास अधिकारी मुजफ्फरनगर श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, नगर आयुक्त श्री शिपू गिरी, वीसी एसडीए श्री सूरज पटेल, वीसी एमडीए प्रणता एश्वर्या सहित मंडल एवं जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय वर्मा, पुलिस अधीक्षक शामली श्री नरेंद्र प्रताप सिंह वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुडे।

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

Right Menu Icon