दर्जनों बिजली के खंबों की दुर्दशा दे रही हादसों को दावत, विद्युत विभाग ध्यान दे
1 min read
वेंटिलेटर पर बिजली के खंबे, शहज़ाद सभासद ने अधिकारियों को लिखा पत्र
मुज़फ्फरनगर
शहर के किदवईनगर इलाके में दर्जनों विद्युत पोल एवं तारों की स्थिति जर्जर हालत में वेंटिलेटर पर हैं। नई आबादी इलाके में एक माह पूर्व एक 11000 की लाईन वाला खंबा अचानक गिर गया था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई थी। मौके पर पहुंचे वार्ड नंबर 54 के सभासद शहजाद मेंबर ने अधिकारियों से वार्ता कर खंबा बदलवा दिया था लेकिन क्षेत्र के अन्य बदहाल पड़े खंबों की स्थिति बयां करती है कि अगला हादसा दूर नहीं है। शहजाद सभासद ने पूरे इलाके में इस समस्या की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र की एक-एक गली में एक एक खंबे का स्वयं निरीक्षण किया तो पाया की नीचे से खंबा जर्जर होने के बाद गल रहा है और खोखलापन होने के कारण खंबे नीचे की तरफ से बदहाल हालत में है। शहज़ाद सभासद ने बताया कि इन गले हुए खंबों को अधिकारियों द्वारा नीचे की तरफ से वेल्डिंग करवा दी जाती है। लेकिन गले हुए खंबे वेल्डिंग मात्र से सही होने योग्य नहीं है। एक एक खंबे को बदलवाकर नया खंबा लगना ही एकमात्र समाधान है। इसके अलावा इलाके के तार इतने कमजोर है कि आए दिन तार टूटते रहते हैं और क्षेत्र वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

यह एक गंभीर समस्या है और इसके समाधान के लिए हमने बीड़ा उठाया है। जब तक इलाके का एक-एक खराब जर्जर स्थिति में पड़ा खंबा बदला नहीं जाएगा तब तक हम इसके लिए आवाज उठाते रहेंगे अभी हमने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर खंबे बदलवाने की मांग की है साथ ही हमने अधीक्षण अभियंता (एससी) मुज़फ्फरनगर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया एससी द्वारा आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।

